डीसी को सौंपेगे ज्ञापन
रांची: मोदी सरकार-2 में पाँच जुलाई को संसद में पेश हुये बजट के दौरान पेट्रोल- डीजल में बढ़ी कीमतों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष डाॅ अजय कुमार के नेतृत्व में हो रहे इस विरोध कार्यक्रम की जानकारी देते हुए रविवार को प्रदेश प्रवक्ता आलोक दूबे ने कहा, कि एक्साइज ड्यूटी सहित सेस बढ़ाए जाने से ही पेट्रोल व डीजल की कीमतों में वृद्धि हुई है, जिसका सीधा असर आम जनता पर देखा जा रहा है।
[URIS id=9499]
दूबे ने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि इससे आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित होगीं खाने- पीने की चीजों के साथ- साथ जरुरत की हर वस्तु महंगी होगी। बजट में जिस प्रकार से गांव, गरीब, किसान एवं मध्यवर्गीय परिवार के ऊपर महंगाई का बोझ लादा गया है व कॉरपोरेट घरानों को मदद पहुंचाने का काम किया गया है, वह इस बजट में साफ दिखाई दे रहा है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी करके देश के गरीबों को महंगाई का बड़ा तोहफा दिया है। ऐसे में एक सजग राजनीतिक विपक्ष दल की हैसियत से कांग्रेस मूकदर्शक नहीं बन सकती। दूबे ने कहा कि बढ़ती महंगाई के खिलाफ पार्टी सड़कों पर उतरेगी व सोमवार को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी। कांग्रेसी हाथों में झंडा, बैनर, प्लेकार्ड, साईकिल, रिक्शा, बैलगाड़ी के साथ डीसी कार्यालय पहुंचकर मूल्य वृद्धि वापस करने की मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपेगे।