रांची: प्रदेश के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री सरयू राय ने गुरुवार को माप-तौल विभाग के कार्यकलापों की समीक्षा करने के बाद सिस्टम को दुरुस्त करने संबंधी कई निर्देश दिए। इस बाबत विभागीय सचिव डॉ अमिताभ कौशल भी मौजूद थे। मंत्री ने विभाग के प्रभारी नियंत्रक केसी चौधरी से विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का अपडेट लिया।
श्री राय ने उनसे विस्तार से पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और खासकर आभूषण की दुकानों में मापतौल उपकरणों के सत्यापन के संबंध में पूछा। उन्होंने कामकाज में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को लेकर भी पुछताछ की। कंप्यूटर ऑपरेटर की कमी के मुद्दे पर मंत्री ने फौरन सचिव को निर्देश दिया कि अगर नियमसम्मत हो तो संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर की बहाली की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। बैठक में विभाग के उप नियंत्रक बसंती तिर्की, राजकुमार, संजय भगत, मीर कासिम अंसारी तथा निरीक्षक श्रीकांत पांडे, उपेंद्र कुमार व आलोक कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।