रांची: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने दो टूक अंदाज में कहा है कि आरएसएस में सेवा व समर्पण भाव लेकर आनेवालों को स्वागत है, लेकिन किसी भी प्रकार की अपेक्षा मन में लेकर पहुँचनेवालों के लिए यहां कोई जगह नहीं है। श्री भागवत ने कहा कि अपेक्षा वालों से हमें बचने की आवश्यक्ता है। मंगलवार को वे झारखंड प्रवास के पहले दिन संगठन मजबूती के अलावे शाखाओं के विस्तार पर खास बल दिया।
कहा कि दिल में सदभाव के साथ समर्पित कार्यकर्ताओं का संघ सम्मान करता है, लेकिन किसी भावना व प्राप्ति की नियत से आनेवालों के लिए यहां कोई जगह नहीं है। कहा कि संघ में स्वयं का प्रचार वर्जित है। उन्होंने स्वयंसेवकों को सलाह दी, कि किसी कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों के साथ फोटो खिचाने से वे बचें। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों को इस बात की भी नसीहत दी कि नए स्वयंसेवकों को संघ में कोई दायित्व देने से पूर्व उनकी पड़ताल पूरी तत्परता के साथ कर लें। कहा कि सदैव राष्ट्रनिर्माण और समाजिक कल्याण का ध्येय मन में लेकर आगे बढ़ें। उनमें संघ पदाधिकारियों से बात करने में किसी प्रकार की हिचकिचाहत ना हो। सभी अपनी बातों को बेबाक तरीके से कहें। राजनीति में कदम रखनेवाले स्वयंसेवकों से उन्होंने आहवान किया कि ऐसा काम करें, कि देश व विश्व में नाम रोशन हो।
संघ प्रमुख ने घंटे भर की गई मंत्रणा के तहत कई अहम विषयों पर स्वयंसेवकों को कई टिप्स दिए। बैठक में क्षेत्र संघ चालक सिद्धिनाथ सिंह, क्षेत्र प्रचारक बामदत्त चक्रधर, प्रांत प्रचारक रविशंकर, प्रांत सह प्रचारक दिलीप कुमार, प्रांत सह कार्यवाह राकेश लाल, प्रांत सह संघ चालक अशोक श्रीवास्तव, महानगर कार्यवाह धनंजय सिंह, प्रांत संपर्क प्रमुख राजीव कमल बिट्टू समेत संघ के कई पदाधिकारी मौजूद थे।
एक ध्येय व लक्ष्य से भारत बनेगा विश्व गुरु
सिमडेगा में राम रेखाधाम के बाबा उमाकांत दास के निमंत्रण पर पहुंचे एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान संघ प्रमुख ने उनके बंद कमरे में मंत्रणा करने के बाद कहा कि राष्ट्रधर्म से बढ़कर दूसरा कोई धर्म नहीं है और इसके मूल में सनातन संस्कृति है। ईमानदारी व निष्ठा से इसे धारदार बनाने के बाद यदि एक ध्येय से आगे बढ़ा जाय, तो भारत को विश्व गुरु बनने से कोई भी नहीं रोक सकता। भागवत ने कहा कि निष्ठा, समर्पण, मेहनत और सेवाभावना ही संघ की मूल ताकत है। यदि समर्पण के साथ काम होगा तो भारतीय संस्कृति का लोहा पूरा विश्व मानेगा। दुनिया में हिंदुस्तान का परचम लहराएगा। संघ प्रमुख ने बगैर किसी का नाम लिए कहा कि कई साल पहले एक व्यक्ति ने विदेश से भारत आकर कहा कि अमेरिका व यूरोप को तो जीत लिया है, अब दक्षिण एशिया में फतह करना है। वे ऐसा नहीं कर सके, लेकिन इसके उल्टा भगवा पहनकर आरती कर रहे हैं। कहा कि हमारी संस्कृति हमारी ताकत है व इसे जींवत रखना है।