– रांची, खूंटी, हजारीबाग व कोडरमा में होगी वोटिंग
– सभी लोस में 61 उम्मीदवार मैदान में, रांची में सर्वाधिक 22
स्टेट ब्यूरो: झारखंड की चार सीटों के लिए होनेवाले पांचवें चरण के मतदान को लोकर शनिवार चार मई को चुनावी भोंपू शांत हो गया है। रांची, खूंटी, हजारीबाग और कोडरमा सीट के लिए मतदान छह मई को सुबह सात बजे से चार बजे तक वोट दिये जा सकेंगे। सर्वाधिक 22 उम्मीदवार रांची लोस में हैं व खूंटी में 11 प्रत्याशी अपने भाग्य आजमा रहे हैं। खास बात ये है कि 5वें चरण में झारखंड के दो पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री समेत कई अहम लोगों के भाग्य का फैसला होना है। प्रचार थमने के बाद इन सीटों पर सभी दल के प्रत्याशी डोर-टू डोर संपर्क अभियान चला रहे हैं। बड़ी पार्टियों द्वारा संसदीय सीट के अधिकतर इलाकों में अपने चुनावी कार्यालय बनाये हैं, जहां से घर-घर वोटर स्लिप पहुंचाया जा रहा है।
गौरतलब हो कि खूंटी सीट अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित सीट है, जबकि बाकी तीन सामान्य सीटें हैं। चारों लोकसभा सीटों पर कुल 61 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 6 महिला प्रत्याशी हैं. रांची में 20, हजारीबाग में 16, कोडरमा में 14 और खूंटी में 11 उम्मीदवार मैदान में हैं. चारों सीटों पर 65 लाख 87 हजार 28 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें एक लाख 9 हजार 25 नये वोटर्स (18-19 उम्र वर्ग) हैं। सबसे ज्यादा रांची में 19 लाख 10 हजार 955 मतदाता हैं. वहीं सबसे कम 11 लाख 99 हजार 512 वोटर्स खूंटी में हैं. कोडरमा में 18 लाख 12 हजार 85 और हजारीबाग 16 लाख 64 हजार 476 मतदाता वोट डालेंगे।
इस चरण में कई दिग्गजों की किस्मत इवीएम में बंद होने वाली है। दो पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा के अलावा केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, अन्नपूर्णा देवी, कालीचरण मुंडा व संजय सेठ चुनावी दंगल में हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए इस बार पुलिस और अर्धसैनिक बलों की करीब पांच सौ कंपनियों को तैनात की जा रही हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी और वेबकास्टिंग की भी व्यवस्था होगी। दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए केंद्रों पर विशेष प्रबंध होंगे। कुल 8,834 मतदान केंद्र बनाये गये हैं।