कहीं कड़वी तो कहीं मीठी घुट्टी पी रहे रघुवर

-ज्योति चौहान
हर किसी को नहीं मिलता यहां प्यार जिंदगी में…, खुशनसीब है वो जिनको मिली ये बहार जिंदगी में….। झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ आज कुछ ऐसा ही हुआ है। रघुवर दास रविवार को रांची से लगभग 15 किलोमीटर दूर सुकुरहुटू में अपने प्रिय भाजपा उम्मीदवार संजय सेठ के लिए वोट मांगने गए। जहां उन्हें जनता के कई रंग देखने को मिले। वो रंग रघुवर दास के रंग भी उड़ाने में कामयाब रहे। सुकूरहूटू में पदयात्रा के दौरान जब श्री दास साहु मोहल्ला पहुंचे वहां की जनता ने नारे लगाने शुरू कर दिए। क्या महिला, क्या पुरूष। सबने एक राग, एक स्वर में कहा रोड नहीं तो वोट नहीं।
कुछ युवाओं ने मुख्यमंत्री के सामने ही नारे लगाए। मुख्यमंत्री वहां क्षण भर के लिए नहीं रूके। आगे बढ़ते चले गए। महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री के सामने अपनी उपस्थिति दी। उन्होंने भी रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाए। रघुवर आगे की ओर देखते हुए निकलते चले गए। एक अजनबी सी मुस्कुराहट लिये रघुवर वहां से गुजर रहे थे। कुछ घुंट जो उन्हें पीना नहीं था, फिर भी पीते रहे। लेकिन ऐसो हर जगह नहीं हुआ। कुछ आगे बढने पर महिलाओं ने अपने परंपरा, अपनी रीति रिवाज को बखूबी निभाया। लोटा में पानी, हाथों में आरती की थाल, मालाएं और बडे बुजूर्गाें ने आशीर्वाद। उनके मन में क्या है ये तो जनता ही जाने, पर सुकुरहूट के इस दौरे ने मुख्यमंत्री को यह एहसास तो जरूर दिला दिया है कि जनता जाग चुकी है। अब इन्हें बहलाना आसन नहीं होगा।
सड़कें एक माह में बन जाएंगी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अपने प्रतिरोध के बाद मुहल्लेवासियों को आश्वस्त किया है कि एक माह के भीतर रोड बनवा दिया जायेगा। कहा कि मुझे यहां आकर सुकून मिला है। कहा कि आज हमारा आदिवासी व मुस्लिम समाज सजग हो गया। लोगों में विकास प्रति उम्मीद जगी है। विकास समाज के हर वर्ग के लोगों के घरों तक अवश्य पहुंचेगा। बहनों ने मुझे भाईजान कहकर संबोधित किया है व मैं भी भाई होने का अपना फर्ज निभाउंगा। श्री दास ने कहा कि मैने यहां की जनता को आश्वासन दिया है कि एक माह में सडक बनेगी, इसे हर हाल में पूरा किया जायेगा।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More