आवास के लिए जल्द की जाएगी जमीन की व्यवस्था : प्यारेलाल

गावां(गिरिडीह): गावां प्रखंड मुख्यालय से महज एक किमी दुर पर में स्थित पियरकोली में बसे बिलुप्त जनजाती के बिरहोर परिवारों की प्रशासन ने सुध ली। मंगलवार को बीडीओ सह सीओ प्यारेलाल के नेतृत्व में अंचल नाजिर नरेश कुमार, प्रखंड नाजिर माखन लाल यादव आदि बिरहोर के पास पहूंचे व उनका हाल जाना। इस दौरान बीडीओ ने सभी बिरहोर को कंबल भी दिया। साथ ही उनको मिलने वाली सरकारी सुविधाओं की भी जांच की और बिरहोर के राशन कार्ड पर मिलने वाले राशन-किराशन के बारे में भी पूछा। साथ ही बीडीओ ने संबंधित डीलर को प्रतिमाह समय पर बिरहोरों को राशन पहूंचा कर देने का भी निर्देश दिया।
आवास के लिए जल्द मिलेगी जमीन:
बीडीओ सह सीओ प्यारेलाल ने बताया कि बिरहोर परिवारों के लिए पीएम आवास बनवाया जाएगा। इसके लिए सबसे पहले इनके लिए जमीन की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए जमीन को तलाशा जा रहा है। जल्द ही जमीन की व्यवस्था कर इनके लिए आवास बनवाया जाएगा।


