नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, कैप्टन अमरिंदर ने कही यह बात

चंडीगढ : कांग्रेस के अति उत्साही नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को आश्चर्यजनक रूप से पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। कुछ महीने पूर्व ही नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया था। प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने भव्य पदभार ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया था। हालांकि बाद में वे लगातार अपनी पार्टी के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई वाले सरकार पर अप्रत्यक्ष रूप से उंगली उठाते रहे।

आखिरकार कैप्टन ने इस महीने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और उनकी जगह प्रदेश में चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया। पहले यह उम्मीद जतायी जा रही थी कि नवजोत को हाइकमान मुख्यमंत्री बना सकता है।

नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि वे कार्यकर्ता के रूप में कांग्रेस की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस्तीफे को लेकर एक पत्र लिखा हैै।

नवजोत सिंह सिद्धू ने मुख्यमंत्री पद से कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफा देने के बाद उनके पहले दिल्ली दौरे से ठीक पहले पद से इस्तीफा दिया है। कैप्टन ने सिद्धू के इस्तीफे के बाद ट्वीट कर कहा कि मैंने पहले ही कहा कि वह सीमाई राज्य पंजाब के लिए उपयुक्त शख्स नहीं है।


वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पत्रकारों के सिद्धू संबंधी सवाल पर कहा कि मुझे अभी इसकी सूचना नहीं मिली है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More