महागठबंधन का मकमद सिर्फ स्वार्थ पूर्ति: ओम माथुर

रांची: चुनाव आयोग की घोषणा के बाद झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की सरगर्मियां तेज हो चुकी है। सियासी दल के बड़े नेताओं का झारखंड दौरा शुरू हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार को भाजपा के चुनाव प्रभारी ओम माथुर रांची पहुंचे उन्होंने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि महागठबंधन सिर्फ स्वार्थ की राजनीति को अंजाम हेतु बनाया जा रहा है।
चुनाव से पहले का है एनडीए का गठबंधन
श्री माथुर ने कहा कि इस गठबंधन में शामिल सभी पार्टियां चुनावी मौसम को देखकर एक दूसरे का साथ देने की बात कर रही है। एनडीए का गठबंधन चुनाव से पहले का बंधन है और आगे भी रहेगा। आजसू के तीखे तेवर होने के सवाल पर ओम माथुर ने कहा कि आज सभी के साथ बैठकर बातचीत की जाएगी और टेबल पर बातचीत होने के बाद किसी के कोई तल्ख तेवर नहीं रहेंगे। आजसू और बीजेपी शुरू से ही साथ है और आगे भी साथ रहेगी।
टिकट को लेकर निर्णय जल्द
उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर भी जल्द निर्णय लिया जाएगा। अब इंतजार की घड़ी खत्म हो गई है। बैठक के बाद एनडीए अपने घटक दलों से बातचीत कर टिकट बंटवारे पर भी सहमति बनाने का काम करेगी। माना जा रहा है कि जिस प्रकार से आजसू ने अधिक सीटों को लेकर दावेदारी की है, उस पर बातचीत कर समझौता करने की कवायद होगी। इस बाबत पहले चरण में टिकट को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री समेत बड़े नेताओं व विधायकों के अलावे प्रदेश संगठन के लोगों से भी बातचीत कर उसका फीडबैक आलाकमान को दिया जाएगा।


