हमें नया भारत- नया झारखंड बनाना है, कार्य संस्कृति में बदलाव लाएं: रघुवर दास

आवेदन के एक सप्ताह के भीतर किसानों की समस्या निष्पादित हों
राज्यभर के बीडीओ- सीओ को तीन माह का टास्क दिया, अगस्त में फिर समीक्षा
आजाद भारत में शासन नहीं, सेवा उद्देश्य
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को राज्यभर के अंचलाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद उन्हें अगले तीन महीनों को टास्क देने के बाद कहा कि इसे वे फिर से अगस्त में देखेंगे। सीएम ने साफतौर पर कहा कि अब कार्यसंस्कृति को बदलें, क्यों कि हमें नये भारत के साथ- साथ नये झारखंड का निर्माण करना है। कहा कि हमारा टारगेट हर हाल में समय पर किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना व मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के बाबत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है, लिहाजा बीडीओ-सीओ किसानों के आवेदन के एक सप्ताह के अंदर उसका निबटारा कर दें।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि विकास का कार्य मिशन मोड में होना चाहिए। दलित व आदिवासी किसान पर विशेष ध्यान दें। किसानों को सरकार ने जुलाई में योजना का प्रथम किस्त व दुर्गा पूजा के समय दूसरा किस्त देने का लक्ष्य तय किया है, ताकि किसान खेती हेतु खाद, बीज व अन्य जरूरी संसाधन जुटा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोग जाति प्रमाण पत्र के लिए परेशान हैं। आप उनका जाति प्रमाण पत्र निर्गत करें। खतियान में नाम ना हो, तो ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम सभा व शहरी क्षेत्र में वार्ड समिति द्वारा जाति से संबंधित स्वीकृति के बाद जाति प्रमाणपत्र से संबंधित आवेदन के आधार पर जाति प्रमाणपत्र निर्गत करें। उन्होंने चेताया कि यह समस्या अब मेरे संज्ञान में नहीं आनी चाहिए। कहा कि आदिवासी समाज के लोगों का जाति प्रमाणपत्र एक बार निर्गत करें व उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
[URIS id=9499]


