रांची: गिरिडीह से नवनिर्वाचित सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिलकर उन्हें झारखंड सरकार के मंत्री पद से अपना त्याग पत्र सौंप दिया। सीएम ने उनके इस्तीफा को स्वीकार करते हुये अपनी अनुशंसा राज्यपाल दौपदी मुर्मू को भेज दिया है। सीएम ने इस मौके पर श्री चौधरी को बतौर सांसद अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाने के लिये शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार के जल संसाधन एवं पेयजल स्वच्छता विभाग के मंत्री के दायित्व को आपने उत्कृष्टता के साथ निभाया है।
[URIS id=9499]
इससे पहले सोमवार को चंद्रप्रकाश चौधरी ने झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष दिनेश उरांव से मिलकर विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। चंद्रप्रकाश चौधरी रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। इस सीट से उन्होंने लगातार तीन बार 2005, 2009 और 2014 में चुनाव जीता था। विधानसभा में वे आजसू पार्टी विधायक दल के नेता भी थे।
इधर मंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद रघुवर दास कैबिनेट के अन्य मंत्रियों से उन्होंने मुलाकात की। तथा सरकार के कार्यों में आपसी सहयोग और मेलमिलाप के लिए आभार जताया। मंत्री सीपी सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा, राज पलिवार, रामचंद्र चंद्रवंशी, डॉ नीरा यादव, लुइस मरांडी, अमर बाउरी और रणधीर सिंह ने सांसद को बधाई दी। इससे पहले सुबह में उन्होंने पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो से मुलाकात कर आगे की राजनीति पर चर्चा की। पार्टी अध्यक्ष ने भी उन्हें मंत्री के तौर पर सफलता पूर्वक जिम्मेदारी संभालने के लिए बधाई दी।