पूर्व सांसद मनोज भुइयां, पूर्व मंत्री देव कुमार धान ने थामा भाजपा का दामन

रांची: विभिन्न दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वालों नेताओं की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी कड़ी में को शनिवार पूर्व सांसद मनोज भुइयां, पूर्व मंत्री देव कुमार धान, राजद के पूर्व प्रवक्ता मनोज कुमार समेत कई नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया। चतरा सांसद सह प्रदेश महामंत्री सुनील कुमार सिंह, कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश की उपस्थिति में सभी को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। रवींद्र नाथ गंझू, अनामिका जूही, प्रियंका पाल ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यालय के पास भारी भीड़ देखी गई।
भाजपा सर्वस्पर्शी व सर्वव्यापी पार्टी: सुनील सिंह
चतरा सांसद सुनील सिंह ने कहा है कि भाजपा आज के दिन एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसके हर कार्यक्रम में भारत माता की जय बोले जाने के साथ-साथ देशवासियों को नमन किया जाता है। इसी कारण पार्टी आज सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी व सभी की खास बन चुकी है। कहा कि 1951 में जनसंघ के समय से हम धारा 370 हटाने को लेकर संकल्पित थे व आज हमारी सरकार ने नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया। सांसद ने परिवारवाद का पुरजोर विरोध करते हुए कहा कि भाजपा का एक छोटा कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री बन सकता है, जो भाजपा परिवार की खूबसूरती है।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि जैसे मेला में शामिल होने के लिए पूरे गांव से लोग आते हैं, ठीक वैसे ही भाजपा में शामिल होने के लिए लगातार पूरे प्रदेश से भारी संख्या में लोग आ रहे हैं। इसका खास कारण यही है कि सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाएं व उन योजनाओं का पूरा पैसा डीबीटी के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने नये सदस्यों का अभिनंदन करते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके एक हाथ में विकास और दूसरे हाथ में शांति का संदेश पल्लवित होता है। यहां ह्रदय में राष्ट्रवाद की लौ जल रही है। इसीलिए भाजपा विकास के सवाल पर कभी समझौता नहीं करती। कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने इस बाबत कहा कि आज भाजपा व मोदी जी के अलावा देश के सामने कोई विकल्प नहीं है।
सदस्यता ग्रहण करनेवाले पूर्व सांसद मनोज भुइयां ने कहा कि भाजपा की सदस्यता लेकर गर्व महसूस कर रहा हूं। वे पूरी निष्ठा से पार्टी व देश के लिए काम करेंगे। पूर्व मंत्री देव कुमार धान ने कहा कि इस डबल इंजन की सरकार ने न सिर्फ आदिवासियों के लिए कई लोक कल्याणकारी योजनाएं बनाई बल्कि उन्हें धरातल पर भी उतार के दिखाया। सदस्यता ग्रहण करनेवाले राजद के पूर्व प्रवक्ता मनोज कुमार ने कहा कि मैं 1992 से राजद में हूं, लेकिन आज राष्ट्रहित में राजद छोड़कर देश में त्वरित गति से बढ़ रही इस विकास यात्रा का हिस्सा बनने आया हूं।
मिलन समारोह का संचालन प्रदेश मंत्री सुबोध कुमार गुड्डू व धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम, जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडे, अमित शाहदेव के साथ उमेश रंजन साहू व मनोज साहू मौजूद थे। मौके पर विश्राम उरांव, सीमा उरांव, बुधवा उरांव, महतो भगत, बैद्यनाथ उरांव, शंकर उरांव, अनिल साहू, रामदेव भगत, राहुल कुमार, किशोर साहू, प्रयाग पाठक, संदीप मुंडा, महेंद्र प्रजापति, छोटन उरांव, सन्नी पासवान, मंजय प्रकाश, अमित तिर्की, विक्की पासवान,सूरज सिंह, निर्भय यादव, गौरव दास, रोहित महतो, संजीव कुमार, अक्षय कुमार, धीरज कुमार, अमित महतो, सुरेंद्र पासवान, संजय सिंह, अशोक तिवारी, चंद्रकांत उपाध्याय, जैनेन्द्र यादव, समशेर आलम, शम्भु यादव, राजेंद्र यादव सहित कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More