रांची: न्याय योजना के तहत राहुल गांधी ने राज्य के 9 लाख 70 हजार परिवारों को चिट्ठी लिखकर कहा है कि “गरीबी पर वार, बहत्तर हजार”। कांग्रेस पार्टी की पहली गारंटी है कि हिंदुस्तान के 20 प्रतिशत सबसे गरीब परिवारों को हर महीने उनके बैंक अकाउंट में कांग्रेस पार्टी की सरकार डायरेक्ट पैसा डालेगी। एक साल में 72,000, पांच साल में 3,60,000, इससे दो काम होंगे, पहला काम गरीबों की जेब में पैसा जाएगा, दूसरा किसानों की जेब में डायरेक्ट पैसा जाएगा। इससे सबसे अधिक लाभ आदिवासी, दलित अल्पसंख्यक को उसके बाद पिछड़े वर्ग के लोगों को एवं सामान्य वर्ग के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। मीडिया से रांची में बात करते हुये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहा कि इस स्कीम से लगभग 60 लाख लोगों के खाते में न्याय योजना का लाभ मिलेगा।
डाॅ अजय ने कहा कि झारखंड में 582 करोड़ रूपये प्रतिमाह आयेंगे व एक वर्ष में 6984 करोड़ रूपये आयेंगे तो उससे यहां के सिर्फ लाभुक परिवारों को ही फायदा नहीं होगा बल्कि झारखंड में व्यवसाय करने वाले, रिक्शा चलाने वाले, ठेला चलाने वाले, पंचर बनाने वाले, साईकिल, मोटरसाईकिल बनाने वाले लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। कहा कि हम चुनाव में वोट पाने के लिए जुमले नहीं फेकते हैं। हम योजना के साथ-साथ उसको लागू करने के संदर्भ में भी पूरे देश से जानकारी इकटठा करने के बाद उसे अपनी मेनिफेस्टो (वचन पत्र) में शामिल करते हैं। जो लोग इस योजना पर सवाल उठा रहे हैं उन्हें पता होना चाहिए कि हमने मनरेगा जैसे योजनाओं को सफल तरीके से लागू करने का काम किया है, हम में काम करने की इच्छा शक्ति है और हम में शासन चलाने सहूर है।
शत्रुघ्न- सिद्धू आएंगे प्रचार करने:
डॉ अजय ने बताया कि 30 अप्रैल को नवजोत सिंह सिद्धू और 1 मई को अभिनेता शत्रुघन सिन्हा कांग्रेस के समर्थन में रांची आ रहे हैं।
सरना कोड की चिट्ठी सार्वजनिक करें रघुबर दास:
डॉ अजय ने सरना कोड मामले पर पुनः अपना बयान देते हुए कहा कि यदि रघुवर सरकार ऐसी घोषणा करती है तो उन्हें इसकी चिट्ठी दिखानी चाहिए। उन्होंने सीएम रघुवर दास को सरना कोड लागू करने के मामले में चुनौती देते हुए कहा कि सरकार सरना कोड की चिट्ठी को सार्वजनिक करे। यदि सरकार चिठ्ठी जारी कर देती है तो मैं मोरबादी मैदान में माफी मांगने को तैयार हूं। अजय कुमार चतरा पलामू लोहरदगा में होने वाले चुनाव को लेकर कहा की तीनों सीट पर कांग्रेस और महागठबंधन की बढ़त है, और हर हाल में यह सीट गठबंधन के खाते में जाएगी।