देवदर्शन बड़ाईक
सिमडेगा: कोलेबिरा विधानसभा उपचुनाव को लेकर कोलेबिरा स्थित प्रेस क्लब भवन में झामुमो जिला समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।बैठक की अध्यक्षता झामुमो के कोलेबिरा प्रखंड अध्यक्ष बसंत डुंगडुंग ने की।
झामुमो के द्वारा प्रस्तावित संघर्ष यात्रा पर चर्चा करते हुए इसकी सफलता के लिए रणनीति बनाई गई एवं कार्यकर्ताओं को संघर्ष यात्रा को लेकर विभिन्न प्रकार के निर्देश दिए गए। संघर्ष यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के मंचन के साथ- साथ पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कोलेबिरा विधानसभा आगमन पर जगह- जगह भव्य स्वागत करने का भी निर्णय लिया गया।
संघर्ष यात्रा सिमडेगा जिले के कोलेबिरा प्रखंड अंतर्गत लचरागढ़ पंचायत से शुभारंभ किये जाने का भी निर्णय लिया गया। विदित हो कि झामुमो द्वारा संघर्ष यात्रा निकालकर आम जनता को पार्टी के झारखंड आंदोलन से संबंधित संघर्षों के विभिन्न तथ्यों से अवगत कराया जाएगा। ताकि आम जनता पार्टी के द्वारा किए गए संघर्ष को जान सकें।
संघर्ष यात्रा के दौरान कोलेबिरा विधानसभा उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए भी जनता के बीच जाकर पार्टी की नीति एवं सिद्धान्तों को जनता से अवगत कराया जाएगा। झारखंड संघर्ष यात्रा का द्वितीय चरण 28 अक्टूबर से 02 नवंबर तक दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के चार जिलों खुंटी, लोहरदगा, गुमला एवं सिमडेगा में होना संभावित है।
इस दौरान दो दिन हेमंत सोरेन सिमडेगा में बिताएंगे और एक दिन सिमडेगा में रात्री विश्राम व प्रवास करेंगे। बैठक में झामुमो के नवचयनित जिलाध्यक्ष किशोर डांग, केंद्रीय सदस्य रणधीर कुमार, बसंत लौंगा, लुईस कुजूर, गौरी प्रसाद सिंह, जिला सचिव सफीक खान, उपाध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, युवा नेता आलोक बागे, कीनू केरकेट्टा, सेंटेंग सामुएल टोपनो, इसदोर केरकेटा, शांता कंडुलना, राजेंद्र नायक, मारवाड़ी नायक, नईम अंसारी के अलावे कई लोग उपस्थित थे।