बोकारो: बदलाव यात्रा के क्रम बोकारो से धनबाद रवाना होने के पूर्व झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन भाजपा सरकार पर हमलवार दिखे। उन्होंने मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित कैबिनेट मंत्री अमर कुमार बाउरी के कार्यकलापों पर सवालिया निशाना खड़ा करते हुए कहा, कि यहाँ जमीन का कागज बनवाने के लिए घूस देना पड़ता हैं। मृत्यु प्रमाण पत्र भी बगैर घूस के नहीं मिलता। अंचल कार्यालय घूसखोरी व भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। ऐसे में सुशासन की बातें केवल छल है।
श्री सोरेन ने कहा कि झारखंड में कर्ज उसके बजट से अधिक हो चुका है। कहा कि पहली बार ऐसा हुआ कि झारखंड अधिविद्य परिषद के खाते से 400 करोड़ की राशि लेकर सरकार ने कर्मचारियों को वेतन दिया है। छात्रों को छात्रवृत्ति, विधवाओं व वृद्धों को पेंशन नहीं मिल रहा है। सोरेन ने बगैर नाम लिये भाजपा के विधायक पर निशाना साधा और कहा कि वे कोयला तस्करी से लेकर सारे गलत धंधे में लगे हुए हैं। हाईकोर्ट मजबूरी में ऐसे मामलों पर संज्ञान ले़ रहा है। सरकार मूकदर्शन बनी हुई है। सीएम की सभा में भीड़ जमा करने के लिए स्कूलों को बंद किया जा रहा है।
महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है और खनिज को निजी हाथो बेचा जा रहा है। हेमंत सोरेन ने कहा कि जैसे पाकिस्तान के नेताओं ने भारत का डर दिखा-दिखा के वहां शासन किया व आज पाकिस्तान को नरक बना दिया। वैसा ही भाजपा भारत का कर देगी। वोट लेने समय पाकिस्तान, पुलवामा, बालाकोट की बातें की जाती हैं। भला व्यवसायियों, गरीबों व बेरोजगारों की बात क्यों नहीं की जाती हैं। कहा कि पूरे भारत की अर्थव्यवस्था चौपट हो चुकी है। एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर गुमला कॉलोनी को हटाने का नोटिस मिलने के बाद हेमंत सोरेन से मिलने पहुंचे आदिवासियों से पूर्व सीएम ने कहा कि एक इंच जमीन न छोड़े । झामुमो विस्थापितों व आदिवासियों की लड़ाई लड़ेगा। प्रबंधन को हवाई अड्डा बनाना है तो खराब हो चुके आवासों को तोड़कर या खाली जमीन पर बनाएं।