रांची: वामदलों ने शनिवार को झारखंड को सूखाग्रस्त घोषित करने सहित कई मुद्दों को लेकर राजभवन मार्च किया। भाकपा, माकपा, माले और माक्र्सवादी कोआर्डिनेशन कमेटी के बैनर तले शहीद चौक से मार्च आरंभ करते हुए वह राजभवन के समक्ष पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। इसकी अध्यक्षता भाकपा राज्य के सहायक सचिव महेंद्र पाठक ने की। इस दौरान भाकपा के राज्य सचिव भुनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि राज्य में सुखाड़ की स्थिति है। कम बारिश होने के कारण 20 से 25 प्रतिशत भी धान की रोपनी नहीं हो सकी, लेकिन सरकार विकास के नाम पर अपनी पीठ थपथपा रही है। इसलिए अविलंब सरकार राज्य को सूखाग्रस्त घोषित करे।
मेहता ने कहा कि नए मोटर कानून लाकर जनता को परेशान किया जा रहा है और चुनाव के डर से इसे तीन महीनों के लिए स्थगित किया गया है। चुनाव के बाद फिर पुलिस का आतंक व सरकार की मनमानी षुरु हो जाएगी। मेहता ने सुखाड़ क्षेत्रों में राहत कार्य चलाने, बंद पड़े गैर मजरुआ जमीन की रसीद अविलंब काटने व नये मोटर कानून को बंद करने की मांग की है। इस बाबत माले के राज्य सचिव जनार्दन प्रसाद ने कहा कि झारखंड में गरीबी, भुखमरी और आर्थिक तंगी चरम पर है, लेकिन राज्य सरकार मोदी को झारखंड में लाकर चुनाव जीतना चाहती है।
वक्ताओं ने कहा कि राज्य में 300000 एकड़ गैरमजरूआ जमीन जो सीएनटी एक्ट की धारा 64 ए के तहत कोड कर राइट में अधिकार किसानों को प्राप्त है। उसे बेदखल करते हुए लैंड बैंक बनाकर बड़े-बड़े उद्योगपतियों को जमीन सौपी जा रही है। कहा कि जिस तरह से गोला गोलीकांड में शहीद रामलखन महतो को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सांप काटना बताया गया था, उसी तरह तबरेज की हत्या में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक बता कर हत्यारों की बचाने की कोशिश सरकार कर रही है। माकपा के राज्य सचिव मंडल के नेता प्रकाश विप्लव ने मोदी सरकार को मजदूर विरोधी, किसान विरोधी, जन विरोधी बताया। सभा में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माक्र्सवादी के राज्य सचिव गोपी कांत बख्शी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माक्र्सवादी, लेलिन वादी के राज्य सचिव जनार्दन प्रसाद, इंसाफ के राष्ट्रीय सचिव ईफतेखार महमूद, सीटू के झारखंड महासचिव प्रकाश विप्लव ,बोकारो इस्पात यूनियन के कामरेड पीके पांडे के अलावे माकपा रांची जिला सचिव सुखनाथ लोहरा, भाकपा रांची जिला सचिव अजय सिंह सहित कई लोगों ने संबोधित किया।