सीएनटी- एसपीटी एक्ट में कोई छेड़छाड़ न हो
रांची: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 19 साल के कालखंड मं झारखंड का जिस स्तर पर विकास होना चाहिए था, वैसा नहीं हो सका है। उनके विकास के लिए यहां सीएनटी व एसपीटी एक्ट में कोई छेड़छाड़ नहीं करने की बात कही। श्री कुमार शनिवार को जदयू कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
नीतीश कुमार ने कहा कि सीएनटी व एसपीटी एक्ट में झारखंड के आदिवासी और मूलवासी की 54 जाति आती हैं। अगर सीएनटी और एसपीटी एक्ट में छेड़छाड़ होगा, तो इसका असर पड़ेगा। इसके कारण लोगों को अपने राज्य से ही बेदखल होना पड़ेगा। इसलिए यह सभी में यह संकल्प हा, कि इस एक्ट में छेड़छाड़ नहीं हो। कहा कि झारखंड कई समस्याओं से ग्रसित है। यहां के विकास हेतु चार-पांच इलाकों के लिए अलग से प्राधिकार बनना चाहिए। इसके अलावे कई समितियों का गठन भी हो। कहा कि झारखंड का पलामू जिला सूखे की चपेट में रहता है। पलामू के लिए विशेष काम करना होगा। अल्पसंख्यकों की कितनी संख्या है, बिहार में मदरसा, वक्फ बोर्ड पर काम हो रहा है तो यहां भी होना चाहिए।
श्री कुमार ने कहा कि झारखंड में अल्पसंख्यक समाज के लिए विशेष योजना चलानी चाहिए। इसके अलावे उन्होंने पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की वकालत की। कहा कि समाज में सुधार के लिहाज से काम करना होगा। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर फोकस करने की बात कही। कहा कि बिहार में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिये जा रहे हैं। आज बिहार पुलिस बल में महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा है। कुशल युवा कार्यक्रम के जरिये युवाओं को कंप्यूटर सिखाये जा रहे हैं। सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना शुरू की गयी है। उन्होंने कहा कि झारखंड आगे बढ़ सकता है। यहां प्राकृतिक संसाधन और खनिज संपदा है। इस अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर, लोकसभा में संसदीय दल के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, बिहार के मंत्री रामसेवक सिंह, संजय झा, झारखंड जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू, श्रवण कुमार, संजय सहाय आदि मौजूद थे। नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार और झारखंड दोनो भाई हैं। बिहार राज्य में शराबबंदी है, लेकिन झारखंड में शराब की दुकानें खुल रही हैं। आदिवासी समाज का शुरू से शराबबंदी के खिलाफ अभियान चलता रहा है। शराबबंदी झारखंड में लागू हो।