रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा झारखंड के दो दिवसीय झारखंड के दौरे पर 30 अगस्त को रांची पहुंचेंगे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने मंगलवार को बताया कि बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर कार्यकर्ताओं द्वारा नड्डा का जोरदार स्वागत किया जायेगा। ये इनका दूसरा झारखंड दौरा है।
श्री प्रकाश ने कहा कि नड्डा 30 अगस्त को 10.30 बजे सेवा विमान द्वारा नई दिल्ली से रांची पहुंचेंगे। नड्डा का पूरे दिन व्यस्त कार्यक्रम है। वह 11.30 बजे लोहरदगा स्थित विद्या मंदिर परिसर में जिलास्तरीय शक्ति केन्द्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। जिसमें बूथ समिति के हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके बाद 2.30 बजे वह गुमला ऑडोटोरियम में जनजातीय समाज के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
शाम पांच बजे उनका धुर्वा रांची स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन और पूजा का कार्यक्रम है। उनका रात्रि विश्राम राजकीय अतिथिशाला मोरहाबादी में होगा। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को नड्डा मेदिनीनगर पलामू और चतरा के इटखोरी के कार्यक्रम में शामिल होंगे। 11 बजे डाल्टनगंज में पलामू और गढ़वा जिला के बूथस्तरीय कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित है। तीन बजे वह इटखोरी में मां भद्रकाली मंदिर परिसर में एक आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद श्री नड्डा शाम को आहूत भाजपा कार्यालय में शिरकत करने के बाद नई दिल्ली लौटेंगे।