झारखंड को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना लक्ष्य: बाउरी

कला- संस्कृति व पयर्टन पर फोकस
रांची: पर्यटन, कला- संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य विभाग के मंत्री अमर बाउरी ने गुरुवार को सरकार के साढ़े चार साल का लेखा- जोखा पेश करते हुये कहा, कि इस कालखंड में झारखंड को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए जीतोड़ प्रयास किया गया है और भविष्य में भी ये जारी रहेगा। कहा कि पर्यटन व कला संस्कृति विभाग अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रिप्रेजेंट करने का सशख्त माध्यम है। कहा कि पर्यटन व कला- संस्कृति को संरक्षित व विकसित करने हेतु सरकार प्रतिबद्ध है।
श्री बाउरी ने बताया कि साढ़े चार साल में झारखंड आनेवाले पर्यटकों की संख्या में दोगुना इजाफा हुआ है। यह संख्या बढ़कर 3.54 करोड़ तक पहुंच गई है। इसमें विदेशी सैलानियों की संख्या लगभग 1.76 लाख है, आज राज्य के प्रमुख पर्यटक स्थलों में आवागमन, प्रवास, पीने का पानी, शौचालय और पर्यटकों की सुरक्षा समेत सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि पर्यटन ऐसा सेक्टर है, जहां कम निवेश में ज्यादा रोजगार का सृजन हो रहा है। झारखंड की बात करें तो पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में 74.16 हजार लोगों को रोजगार मिला है।
सरकार पर्यटन के क्षेत्र में स्थानीय लोगों को रोजागार देने पर विशेष जोर दे रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाउरी से पहाड़ी मंदिर पर लगे झंडे और इससे हुए नकुसान पर भी सवाल किया गया। बाउरी ने कहा, मैं मानता हूं कि इसमें कमियां रही है, हमें गर्व था कि देश का सबसे बड़ा झंडा है लेकिन इसे लगाने से पहले बारिक चीजों पर ध्यान नहीं दिया गया अगर पूरी रिसर्च होती तो संभव है कि रिजल्ट कुछ और होता। कहा कि सरकार पहाड़ी मंदिर के निर्माण पर फोकस कर रही है। एक सवाल पर मंत्री ने कहा, मैं मानता हूं कि यहां टूरिस्ट परमिट की गाड़ियां कम हैं, लेकिन इस पर फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ा तालाब में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा की देखरेख के अलावे खेल नीतियों को भी जल्द से जल्द बनाने की बात मंत्री ने कही। बाउरी ने कहा कि झारखंड सरकार बौद्ध कॉन्क्लेव तथा पर्यटन कॉन्क्लेव के आयोजन की तैयारी कर रही है। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को नौकरी देने के लिए नियमावली बना रही है।
इस दौरान दुमका में ओपेन एयर थिएटर की योजना प्रस्तावित होने व ब्रांबे में नवनिर्मित होटल प्रबंधन संस्थान में इसी साल से पढ़ाई शुरू होने की बात भी पर्यटन मंत्री ने कही। कहा कि पतरातू डैम पर्यटन स्थल सितंबर से होगा व चालू हो जायेगा। उन्होंने लोगों से आहवान किया कि इन जगहों पर बेखौंफ जाकर घूमा जा सकता है। बाउरी ने कहा कि सरकार के प्रयास का परिणाम है कि देवघर के श्रावणी मेला को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली। यहां आनेवाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मुहैय्या कराई जा रही है।
बाउरी ने बताया कि राज्य के 132 पर्यटक स्थलों को अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्यस्तरीय और स्थानीय स्तर की श्रेणी में वर्गीकृत कर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 8 पर्यटक और सांस्कृतिक खेल महोत्सवों को राजकीय महोत्सव का दर्जा देकर भव्य आयोजन किया जाता है। इसमें ईटखोरी महोत्सव, छउ महोत्सव, बैधनाथधाम महोत्सव, लुगुबुरु महोत्सव, माघी मेला, हिजला मेला, मुड़मा मेला और बासुकीनाथधाम महोत्सव शामिल हैं। इसके आंतरिक अळावा, हुंडरु, जोन्हा और पंचघाग जलप्रपात के साथ नेतरहाट, बेतला, चांडिल डैम, पतरातू डैम, गेतलसूद डैम, कांके डैम और मैथन डैम पर समय- समय पर साहसिक पर्यटन उत्सवों का आयोजन किया जाता है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत दलमा- चांडिल- गेतलसूद- बेतला, मिरचईंया, नेतरहाट ईको टूरिज्म सर्किट विकास हेतु 52.72 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। संथालों के धर्म स्थल लुगुबुरु के सौंदर्यीकरण, हुंडरु, दशम, जोन्हा जलप्रपात और चतरा स्थित ईटखोरी को वृहत पर्यटन गंतव्य के रुप में विकसित करने की योजना है। इसके साथ चिन्हित किए गए 86 पर्यटक स्थलों पर पर्यटन सुविधाएं बढ़ाई जा रहीं हैं।
बाउरी ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सरकार की ओर से हर पंचायत में मैदान के साथ खेल सामग्रियां मुहैय्या कराई जा रही है। खिलाड़ियों के लिए आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, डे बोर्डिंग सेंटर, सेंटर फॉर एक्सीलेंस और रांची के होटवार स्थित जेएसएसपीएस खेल एकेडमी में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन एवं उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए उन्हें सम्मान राशि और छात्रवृति भी सरकार दे रही है। कहा कि सरकार का मकसद है कि खेलों की दुनिया में झारखंड एक बड़ी शक्ति बन कर उभरे। प्रेस कांफ्रेस में पर्यटन, कला- संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य विभाग के सचिव राहुल शर्मा, पर्यटन निदेशक संजीव कुमार बेसरा, खेल निदेशक एके सिंह, सूचना व जन संपर्क निदेशक रामलखन प्रसाद गुप्ता सहित कई लोग मौजूद थे।
[URIS id=9499]

