रांची: लगातार चल रहे अंर्तकलह व एक- दूसरे पर दोषरोपण के बाद आखिरकर झारखंड में राजद दो धड़ों में बंट गया है। इस बाबत रविवार को विधानसभा सभागार में हुई परिवर्तन सभा के बाद आरजेडी से हटकर एक दूसरी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (एल) लोकतांत्रिक का ऐलान कर दिया गया, जिसमें सर्वसम्मति से गौतम सागर राणा को पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया गया है। राणा ने इस बाबत कहा कि मेरे नहीं चाहने के बावजूद लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्णयों के खिलाफ चुनौती का सामना करना पड़ा है, जिसके जिम्मेवार स्वयं लालू यादव हैं।
राणा ने कहा कि राजनीति के सबसे बड़े नायक के रूप में पहचान रखने वाले लालू यादव का राजनीतिक पावर सेंटर कई हाथों में चला गया है, ऐसे में कोई भी राजनीतिक फैसले के लिए राजद में कई तरह के लोग मालिक बन बैठे हैं। राणा ने कहा कि 27 मई को राजद प्रदेश कार्यकरिणी की समीक्षा बैठक में लोकसभा चुनावों में राजद सहित महागठबंधन की हार पर सदस्यों द्वारा चर्चा की गई थी, इसमें दल में तत्कालीन युवा राजद अध्यक्ष अभय सिंह, प्रवक्ता शैलेंद्र शर्मा, सुरेंद्र प्रसाद द्वारा एक अप्रैल 2019 अपराहन ग्यारह बजूे मेरे आवास स्थित पार्टी कार्यालय परिसर से तस्वीर को उखाड़ दिया गया था, जिसका प्रमाण वहां कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से जगजाहिर हुआ।
[URIS id=9499]
इस बाबत तत्काल अभय सिंह सहित उनके सहयोगियों को खेद प्रकट करने का आग्रह किया गया, लेकिन इन्होंने खेद के बजाय तानाशाही रवैया अख्तियार किया। इसके बाद इस मामले को अनुशासन समिति को रेफर कर दिया गया। इसके बाद आरोप सिद्ध होने पर इनलोगों को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया। राणा ने कहा कि उक्त तीनों लोगों पर कार्रवाई करने की बजाय राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने फैसले को नजरअंदाज करते हुये अभय सिंह को ही प्रदेश राजद अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। श्री राणा ने कहा कि राजद एल ही वास्तिवक राजद होगा और यह सामाजिक न्याय की ओर आगे बढ़ेगी। कार्यक्रम में राज्यभर से आये सैंकड़ों की तादात में पार्टी के कार्यकर्ता व पदधारी मौजूद थे।
हठधर्मिता के कारण अन्नपूर्णा- गिरिनाथ ने पार्टी छोड़ी: कैलाश
कार्यक्रम का संचालन कर रहे वरिष्ठ नेता कैलाश यादव ने कहा कि गौतम सागर राणा एक सुलझे हुए वरिष्ठ समाजवादी विचारधारा के नेता है। जिनका राजनीतिक तजुर्बा तकरीबन 44 वर्षो का है। इस दौरान ये पांच बार राजद प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अपनी भूमिका निभा चुके हैं। कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व की हठधर्मिता के कारण ही अन्नपूर्णा देवी, गिरिनाथ सिंह, जनार्दन पासवान व मनोज भुइयां जैसे वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी छोड़ दिया। यादव ने कहा कि राजद के राष्ट्रीय नेतृत्व के मैनेजरों ने प्रदेश अध्यक्ष पद को बेचने का काम किया। इसी व्यवहार के कारण आज भी हजारों लोगों ने पार्टी से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।
राजद का नामो निशान मिट जाएगा: मनोज
डॉ मनोज कुमार ने कहा कि झारखंड में अब राजद के नामोनिशान मिट जाएगा, क्योंकि अब राजद में एक भी कद्दावर नेता नही है। भष्मासुर व माफियाओं से राजद खंड-खंड हो जायेगा।