स्टेट ब्यूरो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज से अपनी नई पारी का आगाज कर दिया है। इस बाबत उनके नये मंत्रिमंडल के स्वरुप पर मंथन आरंभ हो चुका है। झारखंड में भी पार्टी ने उम्मीद से बेहतर परिणाम दिया है, ऐसे में यहां से जयंत सिन्हा,सुदर्शन भगत, चंद्रप्रकाश चौधरी, सुनील सोरेन, अर्जुन मुंडा व अन्नपूर्णा देवी को मंत्री बनाया जा सकता है। सबसे प्रखर दावेदारी दुमका से शिबू सोरेन को मात देकर संसद पहुंचे युवा सुनील सोरेन की है। राजद छोड़कर भाजपा में आकर रिकॉर्ड मतों से पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी को हरानेवाली अन्न्पूर्णा को भी रिवॉर्ड मिल सकता है। इसके अतिरिक्त मोदी कैबिनेट में रह चुके लोहरदगा सांसद सुदर्शन भगत व हजारीबाग सांसद जयंत सिन्हा को केंद्रीय कैबिनेट में प्रमोशन मिल सकता है,क्यों कि इन्होनें राज्य मंत्री पद का दायित्व बेहतर ढंग से निभाया है। केंद्रीय कैबिनेट में प्रदेश के कद्दावर नेता अर्जुन मुंडा को आदिवासी होने के नाते जगह मिल सकती है।
वर्ष 2014 में जब झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को लुईस मरांडी ने विधानसभा चुनाव में पराजित किया था, तब मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उन्हें मंत्री बनाया था। इस बार के लोकसभा चुनाव में रांची से भाजपा के संजय सेठ, चतरा से सुनील सिंह, धनबाद से पीएन सिंह, पलामू से बीडी राम व जमशेदपुर से विद्युत वरण महतो तथा गोड्डा से निशिकांत दूबे ने भी रिकॉर्ड मतों के अंतर से चुनाव जीता है, इनमें से भी किसी की राजनीतिक भाग्य साथ दे सकता है।[URIS id=8357]
मंत्री पद से इस्तीफा देंगे चंद्रप्रकाश
राज्य के जल संसाधन एवं पेयजल स्वच्छता मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने लोकसभा चुनाव में गिरिडीह संसदीय सीट से एनडीए-आजसू पार्टी प्रत्याशी के रूप में चुनाव में शानदार सफलता हासिल की है। इसके बाद अब वे जल्द ही राज्य के कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उनकी जगह पर किसी दूसरे आजसू विधायक को मंत्रीपद दिया जाएगा।
गौरतलब है कि श्री चौधरी आजसू से संसद पहुँचने वाले झारखंड के पहले सख्श हैं। माना जा रहा है कि उन्हें केंद्र में राज्य मंत्री के रुप में स्थान मिल सकता है। जबकि झारखंड में उनके स्थान पर आजसू पार्टी कोटे से दो विधायक राजकिशोर महतो या रामचंद्र सहिस में से किसी एक को मौका मिल सकता है। प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास इस बाबत हामी भर चुके हैं।