बंद कमरे में हेमंत व बाबूलाल ने किया आधा घंटे मंथन

धनबाद/रांची: झारखंड के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम सहित पूर्व मंत्री बंधु तिर्की की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष भी रेस हो गया है। गुरुवार को धनबाद सर्किट हाउस के बंद कमरे में झारखंड के दो पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी व हेमंत सोरेन ने लगभग आधा घंटे तक मंथन किया। जानकारी के अनुसार इस बाबत विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन और सीट शेयरिंग पर बातें की गईं हैं।
मुलाकात के बाद दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों ने कहा कि हर कुछ ठीक है और आनेवाले समय में सारी बातें स्पष्ट हो जाएंगी। दोनों पूर्व सीएम धनबाद के सर्किट हाउस में रुके थे। पूर्वाह्न साढ़े दस बजे से लेकर लगभग 11 बजे तक हेमंत ने बाबूलाल के कमरे में जाकर उनसे बातें कीं। इस दौरान वहां मौजूद सभी कार्यकर्ताओं व पदधारियों को बाहर भेज दिया गया था। मीडिया द्वारा पूछे गये सवाल पर श्री सोरेन ने कहा कि यह महज शिष्टाचार मुलाकात थी, इसे राजनीति से ना जोड़ें। पूछा गया, कि क्या सीट बंटवारे को लेकर बात हुई है ? जवाब में सोरेन ने कहा कि समय आने दीजिए सब क्लीयर हो जाएगा।
जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने भी मुलाकात को औपचारिक बताते हुए कहा कि सर्किट हाउस में गुप्त बैठक कैसे हो सकती है ? लेकिन महागठबंधन के प्रश्न पर कहा कि वे इसके खिलाफ नहीं है। नेतृत्व या सीटों पर कोई भी मतभेद नहीं है, लेकिन हर पहलू चुनाव से पूर्व साफ हो जाएंगी। बहरहाल कोई कुछ भी कहे, लेकिन राजनीतिक जानकार इसे झारखंड में आसन्न विधानसभा चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं। बताया जाता है कि झाविमो नेता और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की को जेल भेजने के बाद के हालात पर भी चर्चा की गयी, लेकिन इस पर दोनों ही नेताओं ने कोई टिप्पणी नहीं की। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा अपने विपक्षी पार्टियों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है, लोगों को बेवजह जेल भेजने की कार्रवाई हो रही है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More