रघुवर सरकार पूरी तरह फेल
चतरा: झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने रघुवर सरकार पर निशाना साधते हुए उसे हर मोर्चे पर पूर्णतः फेल करार दिया है। सोरेन ने कहा कि बेरोजगार युवक नौकरी नहीं मिलने के कारण फांसी लगा रहे हैं और किसान आत्महत्या कर रहे हैं। प्रदेश के कर्मचारियों द्वारा धरना- दर्शन किया जा रहा है और सरकार विकास के खोखले दावे करने में मस्त है। जुमलेबाजी से यहां की सरकार को फुर्सत नहीं है। सोरेन ने कहा कि यदि चुनाव बाद झामुमो की सरकार बनती है तो हर गांव में किसान बैंक खोला जाएगा। हेमंत आज अपने बदलाव यात्रा के दौरान चतरा के थाना मैदान में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
सोरेन ने कहा कि भाजपा की सरकार में किसान, ग्रामीण, बेरोजगार त्रस्त हैं। स्कूल से ज्यादा शराब के दुकान खुले हैं और मंहगाई चरम पर है। कहा कि रघुवर सरकार इतनी षडयंत्रकारी है कि आपको पता भी नहीं चलेगा। कहा कि भाजपा की सरकार में भाजपा कार्यकर्ता का ही बेटा नौकरी नहीं मिलने से आत्महत्या कर लिया है। लोग राशन कार्ड हाथ में लेकर राशन के लिए तरस रहे हैं। सरकार किसान को आशीर्वाद योजना का लाभ देकर ठगने का काम कर रही है। जो प्रतिदिन के हिसाब से मात्र 30 रुपये है। अब 30 रुपये में किसान क्या कर सकता है ? फसल बीमा के नाम पर किसानों को लूटा जा रहा है और किसानों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है, बल्कि लाभ बीमा कंपनियां उठा रही हैं। बीमा कंपनियों ने किसानों से 70 करोड़ रुपये लूट लिये हैं।
भाजपा सरकार में आंगनबाड़ी, रसोईया, पारा शिक्षक सभी आंदोलन कर रहे हैं। पांच सितंबर को पारा शिक्षकों ने जेल भरो आंदोलन किया था। भाजपा सरकार गरीबों को प्रधानमंत्री आवास दे रही है, लेकिन वो अत्यंत दयनीय है। गरीबों के साथ मजाक किया जा रहा है। अस्पतालों व शिक्षा के हालात दयनीय हैं। बिजली और पानी की समस्या से लोग ग्रसित हैं और जिले में शौचालय के नाम पर लूट मची हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में मोदी के नाम पर ऐसा प्रेत सवार हो गया है कि पूरा देश मंदी में चला गया है। लोग मजा ले रहे हैं, लेकिन सच्चाई यही है कि देश आज सुरक्षित हाथों में नहीं है। खासकर झारखंड में जुमलेबाज की सरकार चल रही है। यहां एक भी सरकारी योजना ऐसी नहीं है, जिसका लाभ गरीबों को मिलेगा। लाभ लेनेवाले भाजपा कार्यकर्ता हैं। सभी क्षेत्रों में निजीकरण हो रहा है व रेलवे तक को निजी हाथों को दे दिया गया है। ये बेरोजगार युवाओं के साथ बड़ा छलावा है। इससे पूर्व झामुमों कार्यकर्ताओं ने सोरेन का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।