कोडरमा: जन आकांक्षाओं पर सरकार खरी उतरी: डाॅ नीरा

कोडरमा: जिले में आहूत मंडलस्तरीय कार्यक्रम के तहत कोडरमा नगर व ग्रामीण मंडल की संयुक्त बैठक शनिवार को क्षत्रिय धर्मशाला में संपन्न हुई। इस बाबत मुख्य अतिथि के रुप में मौजूद प्रदेश की शिक्षा मंत्री डाॅ नीरा यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ प्रदेश में रघुवर दास की सरकार बनाई, सरकार उस कसौटी में खरी उतरी है। अब केवल कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर पांच साल में सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यों को बताने की जरुरत है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा के पास यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के रूप में करिश्माई नेतृत्व है। सरकार के गंभीर, ईमानदार व पारदर्शी प्रशासन से राज्य तेजी से बदलाव की ओर अग्रसर है। राज्य में चारों ओर समृद्धि और खुशहाली का माहौल है। कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए डाॅ यादव ने कहा कि लोकसभा के चुनाव परिणाम से यह स्पष्ट है कि जनता जातिवाद ,वंशवाद और परिवारवाद को पूरी तरह से नकार चुकी है। जनता विकास चाहती है। आगामी विधानसभा चुनाव में विकास और सुशासन हमारा मुख्य चुनावी मुद्दा होगा।
कार्यक्रम प्रभारी के तौर पर गिरिडीह उपमहापौर प्रकाश सेठ शामिल हुए। अध्यक्षता कोडरमा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष दिनेश सिंह ने की व संचालन गोपाल कुमार गुतुल ने किया। कार्यक्रम में बूथों के सशक्तिकरण एवं सांगठनिक मजबूती पर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा हुई। इस बाबत संगठन की मजबूती को लेकर कई टिप्स भी दिये गए। मंत्री ने कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी पहचान पत्र का वितरण किया। इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, झुमरीतिलैया नगर परिषद अध्यक्ष प्रकाश राम, जिला उपाध्यक्ष डॉ नरेश पंडित, सुधीर यादव, जिला महामंत्री शिवेंद्र नारायण, नितेश चन्द्रवंशी, राज्य अल्पसंख्यक आयोग सदस्य हाजी साजिद हुसैन लल्लू, समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य जूही दासगुप्ता, 20 सूत्री अध्यक्ष बैजनाथ यादव, जिला मीडिया प्रभारी अजय पांडेय, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मिथिलेश सिंह, कुलवीर सलूजा, मुखिया शीला देवी, अम्बिका सिंह, पूर्व प्रमुख राजकुमार यादव, जाहिद हुसैन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More