खूंटी बिजली के मामले में 33 से 90 प्रतिशत स्वावलंबी बना: रघुवर दास

– हैंपी बर्थ डे पीएम मोदी, सीएम पूर्व सीएम ने दी बधाई
– खूंटी में करोड़ों की योजना का उदघाटन- शिलान्यास
रांची: पीएम नरेंद्र मोदी के 69 जन्मदिन के मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास, नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन, सांसद अन्नपूर्णा देवी के अलावे कई नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। भाजपा पीएम के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मना रही है। इसी बाबत मंगलवार को मुख्यमंत्री ने खूंटी से सेवा से समृद्धि अभियान का आगाज करते हुए प्रदेशवासियों को पांच हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का तोहफा दिया। इस बाबत मुख्यमंत्री ने कहा कि खूंटी हमारे पुरखों की धरती है। भगवान बिरसा मुंडा की भूमि विकास के मामले में किसी से पीछे नहीं रहेगी। सरकार की दिशा, मंशा व नीयत का आकलन करें। सरकार विकास की पक्षधर है। राज्य के आदिवासियों सहित प्रत्येक घर- घर को, हर गांव-गांव को विकास से आच्छादित करना सरकार का लक्ष्य है। गरीब भी गरिमा से जीवन यापन करें।
मुख्यमंत्री खूंटी में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आहूत राज्यस्तरीय कार्यक्रम “सेवा से समृद्धि की ओर” में कहा कि आनेवाले 20 वर्ष को ध्यान में रखकर खूंटी में योजनाएं लागू की जा रहीं हैं। राज्य की योजनाओं को बनाने व क्रियान्वयन में जनभागीदारी को साथ लेकर चल रहें हैं। कहा कि विगत पांच वर्ष में वर्तमान सरकार ने 30 लाख घर तक बिजली पहुंचाई। खूंटी जो वर्षों से व्यवस्थित बिजली की बाट जोह रहा था वह अब 33 से 90 प्रतिशत बिजली में स्वावलंबी 132/32 केवी ग्रिड सब स्टेशन के प्रारंभ होने से हो गया। खूंटी में और चार सब स्टेशन का निर्माण हो जाने से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित हो जाएगी।
पूरे राज्य में 59 ग्रिड सबस्टेशन और 200 सबस्टेशन का कार्य हो रहा है। 80 प्रतिशत का कार्य जल्द पूर्ण हो जाएगा। झारखंड में बिजली की कमी नहीं, लेकिन आजादी के बाद से इस दिशा में कार्य ही नहीं हुआ, जिससे बिजली की समस्या उत्पन्न हुई। क्योंकि झारखण्ड में मात्र 38 ग्रिड का निर्माण हुआ था। वर्तमान सरकार एक ग्रिड एक राज्य के तर्ज पर कार्य कर रही है। यह वही झारखंड है जहां पहाड़ो पर बसने वाले पहाड़िया और बिरहोरों तक बिजली पहुंचाई गई है। सीएम ने कहा कि राष्ट्र विरोधी शक्तियां लोगों को बरगलाने का कार्य न करें। सरकार सभी धर्म और परंपरा का सम्मान करती है। लेकिन गुमराह करने वालों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी शक्तियां अगर पाताल में भी रहेंगी तो उन्हें ढूंढकर कानून से सजा दिलायी जाएगी।
खूंटी में हो रहा है विकास: अर्जुन
केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद अर्जुन मुंडा ने कहा कि देश के 115 आकांक्षी जिलों में खूंटी भी शामिल है। यहां विकास हो रहा है। खूंटी को विकसित जिला बनाने का लक्ष्य लेकर सरकार कार्य कर रही है। खूंटी में विकास के कार्य इतनी तेजी से हुआ है कि आज खूंटी आकांक्षी जिलों की लिस्ट में 7वें स्थान पर है। कृषि कार्य में खूंटी पूरे देश में (आकांक्षी जिलों में) दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जल प्रबंधन योजना के जरिए शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य हो रहा है। जल प्रबंधन की योजना ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर ढंग से लागू हो यह अधिकारी और जिम्मेवार सुनिश्चित करें। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मर की समस्या है, इससे निजात दिलाएं। साथ ही छात्रों की मांग खूंटी में एक बी एड कॉलेज प्रारंभ करने की है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री से उन्होंने ट्राइबल यूनिवर्सिटी खोलने की मांग की है। अगर राज्य सरकार प्रस्ताव भेजती है तो खूंटी या कहीं और ट्राइबल यूनिवर्सिटी प्रारंभ करना आसान होगा।
मनरेगा भुगतान में झारखंड अव्वल: नीलकंठ
प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि विगत 5 साल में जो विकास का कार्य हुआ है वह पहले नहीं हुआ। आज मनरेगा में मजदूरों को मजदूरी भुगतान करने में झारखंड पूरे देश में प्रथम स्थान रखता है। कहा कि खूंटी के लोग भ्रम फैलाने वालों पर ध्यान न दें, बल्कि सरकार के कार्यों का आकलन करें। आपकी जमीन छीनने जाने की बात निर्रथक है। आपकी जमीन कोई छीन नहीं सकता। बस आपके सहयोग से सरकार खूंटी व राज्य का विकास करना चाहते हैं। इस बाबत पूर्व सांसद कड़िया मुंडा ने भी बातें रखी। मौके पर मुख्यमंत्री व अन्य अथितियों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सखी मंडल द्वारा तैयार किया गया केक को काट प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। बच्चियों ने मुख्यमंत्री को केक भी खिलाया।
ये रहे मौजूद: तमाड़ विधायक विकास सिंह, प्रधान सचिव ग्रामीण विकास विभाग अविनाश कुमार, विद्युत विभाग के प्रबंध निदेशक राहुल पुरवार, सचिव आराधना पटनायक, जेएसएलपीएस के सीईओ राजीव कुमार, मुंडा, बिरसा मुंडा का वंशज सुखराम मुंडा, सखी मंडल की महिलाएं, लाभुक व भारी तादात में लोग मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More