रांची : लोकसभा चुनाव को लेकर भाकपा माले द्वारा भी आज घोषणा पत्र जारी किया गया । यह घोषणा पत्र माले नेता जनार्दन प्रसाद के नेतृत्व में जारी किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पिछले 45 वर्षों में सबसे बड़ी बेरोजगारी की मार से लोग त्रस्त है। इंधन और खाद सामग्री के दाम आसमान छू रहें हैं जिसका सीधा असर आम जन-जीवन पर पड़ रहा है। पिछले 14 सालों में कृषि के क्षेत्र में आय की गति काफी धीमी हुई है वहीँ खेतिहर मजदूरों की मजदूरी दर नहीं बढ़ने से आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है परिणामस्वरूप किसानों के आत्महत्या करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा।
श्री प्रसाद ने कहा कि इस घोषणा पत्र को बेरोजगार युवाओं, छात्र-छात्राओं, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यक महिलाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। भ्रष्टाचार रोकने और भ्रष्टाचारियों को सजा देने की नीति से माले अपना कर्तव्य निभाएगा। लोगों के मौलिक अधिकारों का संरक्षण तथा उसे और मजबूत करने का हर संभव प्रयास करेगा। हर हाथ को काम मिलेगा, सबके लिए आवास की गारंटी होगी, एवं बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराया जाएगा।