रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने भी प्रथम चरण मतदान संपन्न होने के बाद चतरा और लोहरदगा से विजयी होने का दावा किया है। जबकि पलामू सीट से राजद प्रत्याशी घूरन राम की जीत की बात कांग्रेस के नेताओं ने कही है। मतदान संपन्न होने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे एवं डाॅ राजेश गुप्ता छोटू ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में पहले चरण के मतदान के बाद यह स्पष्ट नजर आ रहा है की महागठबंधन के तीनों प्रत्याशी भारी मतों से विजयी होने जा रहे हैं।
मतदान के रूझानों से यह स्पष्ट हो चला है कि लोहरदगा में कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव भगत, चतरा से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज यादव तथा पलामू से राजद प्रत्याशी धूरन राम के जीत के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। दूबे ने इसका बड़ा कारण वर्तमान सांसदों की बेरूखी निष्क्रियता और जनता से दूरी बनाने को बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के तीनों प्रत्याशी अपने- अपने क्षेत्रों में सफाई देते ही नजर आये। परफॉर्मेंस के नाम पर बड़ा जीरो ही भाजपा प्रत्याशियों के खाते में गया है।
यूपीए प्रत्याशी तीनों जगहों पर नये हैं और अपेक्षाकृत ज्यादा लोकप्रिय, सुलभ और काम करने वाले नेता रहे हैं। दूने ने कहा कि भाजपा अपनी सीट बचाने के लिए काफी संघर्ष करती नजर आयी। प्रधानमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और झारखंड के मुख्यमंत्री के दौरे के बावजूद भाजपा के तीनों प्रत्याशियों की हार निश्चित है। भाजपा को मुंह छुपाने के लिए अब कोई जगह नहीं है।