रांची: महागठबंधन से रांची प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय ने गुरुवार को रांची में कहा की जिस प्रकार से भाजपा ने जनता के साथ अन्याय किया है, कांग्रेस न्याय करेगी। यह न्याय बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर व वंचितों के जीवन में खुशहाली लायेगा। श्री सहाय शतरंजी में एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही सबसे पहले किसानों का कर्ज माफ करेगी। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में सत्ता में आते ही कांग्रेस ने ऐसा किया है। झारखंड में खाली पड़े साढ़े छह लाख से अधिक पदों पर बहाली की जायेगी जिससे बेरोजगारों को रोजगार का अवसर तो मिलेगा ही कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे सरकारी महकमों को मैनपावर भी मिलेगा। कांग्रेस हर गरीब के खाते में साल में 72,000 रुपये डालेगी जिससे उनका आर्थिक स्तर तो उंचा उठेगा ही उनकी क्रय शक्ति भी बढ़ेगी। कांग्रेस सरकारी स्कूलों में बारहवीं तक की पढ़ाई मुफ्त कर देगी जिससे सबल झारखंड और सबल भारत के निर्माण में मदद मिलेगी।
जीएसटी सरल की जायेगी: सहाय ने कहा कि आज जीएसटी के कांप्लीकेटेड होने के कारण व्यापारियों के लिए आराम से कर चुकाना भी मुश्किल हो गया है। कांग्रेस इसे सरल करेगी। वैसे युवा जो स्टार्टअप के जरिए अपने सपनों को नयी उड़ान देना चाहते हैं उनका भी सपना पूरा करने में कांग्रेस की सरकार मदद करेगी क्योंकि स्टार्टअप के लिए शुरु में लाइसेंस लेने की कोई जरुरत नहीं होगी। वनों में रहनेवाले लोगों के लिए वास भूमि का अधिकार कानून कांग्रेस लायेगी। इस कानून से उनके अधिकार तो सुरक्षित होंगे ही उनके जीवन स्तर में भी सुधार आयेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के लिए अलग से बजट बनायेगी जिससे उनकी स्थिति में सुधार आयेगा और किसानों की स्थिति सुधरेगी। सभा में उनके साथ झाविमो नेता और झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की, सुंदरी तिर्की, अनीता गाड़ी , सूरज नाथ शाह्देव , राजेश कच्छप, मेरी तिर्की , बबलू शुक्ला व बड़ी संख्या में कांग्रेस व महागठबंधन के कार्यकर्ता उपस्थित थे।