रांची/चाईबासा: टोंटो प्रखंड के सिरिंगसिया पंचायत में आहूत जन चौपाल में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को अधिकारियों को खरी- खरी सुनाई और कहा कि काम नहीं करनेवाले अधिकारियों को सरकार बीआरएस देने का काम करेगी, इसमें कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुर्सी तोड़ने के लिए कार्यालय नहीं है, इसलिए शासन नहीं सेवा करें। सीएम ने इस मौके पर करोड़ों रुपये के योजनाओं का उदघाटन और शिलान्यास किया।
सीएम ने पूछा कि क्या कर रहें हैं आप प्रखंड के अधिकारी। क्यों अब तक कुछ घर शौचालय से वंचित हैं ? इस कार्य संस्कृति को बदलें। कौन हैं टोंटो प्रखंड के बीडीओ…इधर आएं….. क्यों उठ रहे हैं सवाल। डीडीसी से सीएम ने कहा कि इस मामले की पूरी रिर्पोट मुझे दीजिएगा। चाईबासा के टोंटो प्रखंड के सिरिंगसिया पंचायत में आहूत जन चौपाल में रिवाली करवा ने सीएम को अपने गांव में कुछ घरों में शौचालय निर्माण नहीं होने की शिकायत दर्ज करा रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने पिछले दिनों चाईबासा का दौरा किया था। मुझे लगा कि सभी ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ पूरी तरह नहीं मिला है। यही वजह है, मैं आपके बीच हूं। आपको जगाने के लिए आयोजित है यह जन चौपाल। मुझे खुशी है आप जग रहें हैं।
सीएम ने राज्य के ग्रामीणों को संदेश दिया कि मैं समस्त राज्य के सवा तीन करोड़ लोगों का हूं। उन्होंने गांव में चौपाल लगाकर गांववालों तक विकास की रोशनी पहुंचाने व उनकी अपेक्षाओं .. उम्मीदों को समझने का प्रयास किया। सीएम ने दो टूक कहा कि अधिकारी शहर में नहीं रहें, गांव- गांव जाएं। सीएम ने एक महिला की शिकायत पर कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन घर में क्यों किया जा रहा है ? ऐसे में वहां भ्रष्टाचार हो रहा होगा। चाईबासा के अधिकारी और पदाधिकारी आप क्या आप सिर्फ चाईबासा में ही घूमते हैं। गांव की ओर नहीं जाते आप। सभी शहर में कम और गांव का दौरा अधिक करें।
वहां की समस्याओं को जाने और उसे दूर करने का प्रयास होना चाहिए। सरकार आदिवासियों के विकास के साथ कोई समझौता नहीं कर सकती। आप सभी ग्रामीणों का हक है कि अधिकारी और पदाधिकारी को गांव के घर- घर तक बुलाएं। चौपाल में एक महिला ने सीएम को बताया कि उनका क्षेत्र औधोगिक क्षेत्र में आता है। कंपनी जमीन लीज पर ले लेती है, लेकिन काम नहीं देती। हमें कहती है अशिक्षित को कैसे काम देंगे। इसपर मुख्यमंत्री ने डीडीसी को निर्देश दिया है कंपनी वालों के साथ बैठक कर जमीन देने वालों को रोजगार दें। उन्हें प्रशिक्षण देकर नौकरी करने योग्य बनाएं।
टोंटो के अशोक हांसदा ने मुख्यमंत्री से कहा कि सड़क चौड़ीकरण में उनकी जमीन गई, लेकिन अबतक मुआवजा नहीं मिला। हमने सभी कागजात जमा कर दिए हैं। इस पर सीएम ने कहा कि सरकार जल्द आप सभी को मुआवजा देगी। चाईबासा को उक्त राशि जल्द हस्तांतरित की जाएगी। सीलसिया की एक महिला ने सीएम को कहा कि शहीद स्मारक का सुंदरीकरण हो रहा है, लेकिन मुख्य सड़क पर पुल निर्माण नहीं हुआ है, जिससे परेशानी हो रही है।
सीएम ने कहा कि आप सभी इस तरह विकास की भूख जगाएं। बहन जी आपके गांव में 63 लाख की लागत से पुल का निर्माण होगा। संविदा की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। इस मौके पर प्रभारी जिला उपायुक्त-सह- उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन, जिला परिषद अध्यक्ष लालमुनि पूर्ति, टीएसी सदस्य जेबी तुबिद, बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजू पांडे, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागरई, सदस्य बीस सूत्री गुरुदेव दास, पूर्व विधायक पुतकर हेंब्रम सहित जिले के सभी अधिकारी व ग्रामीण मौजूद थे।