शहरों के बाद गांवों में पाइपलाइन से होगी रसोई गैस की आपूर्ति: मुख्यमंत्री

जन्माष्टमी पर झारखंड सरकार का तोहफा, पाइपलाइन से गैस सप्लाई शुरू
रांची: रांची में आज से कंप्रेस्ड नेचुरल गैस, सीएनजी और पाइप्ड नेचुरल गैस, पीएनजी की आपूर्ति का श्री गणेश हो गया। इसके साथ ही राजधानीवासियों को पाइपलाइन से घरों तक गैस मिलनी शुरू हो गयी। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बटन दबाकर इसकी शुरुआत की। रांची के मधुवन विहार और खुकरी में दो सीएनजी स्टेशन की शुरुआत की गयी। वहीं पीएनजी को 3000 घरों तक पहुंचाया जाएगा। धुर्वा अंतर्गत प्रभात तारा मैदान में आहूत कार्यक्रम में इन्होंने शहर में सीएनजी से चलने वाले वाहनों व प्राकृतिक गैस से चलने वाले शवदाह गृह का भी उद्घाटन किया। मेकॉन में रहने वाली अनामिका शहरी गैस आपूर्ति परियोजना की पहली ग्राहक बनीं, जिनके घर सीधे पाइपलाइन से रसोई गैस की आपूर्ति की गई है।
इस योजना की पहली ग्राहक बनने के बाद इन्होंने कहा कि फस्ट होने का अनुभव अच्छा है। ओरमांझी के मधुबन विहार में एक सीएनजी स्टेशन की भी शुरुआत हो गयी। सीएनजी से चलने वाले वाहन अपना टैंक यहां री-फिल करवा पायेंगे। इसके अलावे 75 करोड़ की लागत से बनने वाले गेल के हेडक्वार्टर का भी शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शहर के बाद गांवों में भी पाईपलाइन के माध्यम से रसोई गैस की आपूर्ति होगी। उन्होंने कहा कि सीएनजी और पीएनजी की आपूर्ति योजना की शुरुआत राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री ने 25 मई 2018 को इस परियोजना का शिलान्यास किया था और अब इसका उदघाटन हो गया है। यह पूरे राज्यवासियों के लिए खुशी की बात है।
उन्होंने बताया कि देश में आठ करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला गैस का कनेक्शन मिल चुका है, वहीं राज्य में भी 30 लाख से ज्यादा महिलाओं को गैस कनेक्शन दिया जा चुका है, आगामी 10 सितंबर तक दस लाख और परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध करा दी जाएगी, वहीं दूसरा रिफिल कर पाने में असमर्थ रहने वाली महिलाओं को दूसरा रिफिल भी पूर्णत मुफ्त होगा। सीएम ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार व्यक्त किया।
सीएम ने कहा कि लोग यह सोचते थे, कि यह सुविधा मेट्रो शहर तक सीमित रहेगी, लेकिन ऐसा नहीं है। रांची जैसे शहर में भी लोगों की रसोई तक गैस की आपूर्ति हो रही है, यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है। वह लोगों के हितों के बारे में सोचते हैं। श्री दास ने कहा कि योजनाओं का लाभ जनता तक कैसे पहुंचे, इस पर काम हो रहा है। देश की जनता ने नयी सोच के साथ आगे बढ चुकी है व विकास के लिहाज से ये काफी महत्वपूर्ण है। विकास के लिए ईंधन सर्वाधिक अहम है। शरीर को भी ईंधन की जरुरत है। इसी कारण पेट्रोलियम मंत्रालय ने घर-घर तक ईंधन पहुंचाने की जिम्मेदारी ली है। कहा कि आधुनिक भारत का निर्माण झारखंड के आधुनिक होने से होगा। कहा कि यहां की महिलाएं काफी सशक्त हैं।
पूर्वी भारत का मुख्यालय बनेगा झारखंड: धर्मेंद्र प्रधान
17 जिलों में गैस नल की तरह आयेगा
पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जन्माष्टमी की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया व कहा कि वे पेट्रोल-डीजल की बिक्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। देश विकास की दिशा में अग्रसर है और आज के दिन देशभर में 60 प्रतिशत पेट्रोल- डीजल की बिक्री होती है व झारखंड में 15 प्रतिशत। साफ है कि यहां मोटरसाइकिल व कारों की बिक्री बहुतायत हो रही है। श्री प्रधान ने कहा कि झारखंड आने वाले दिनों में पूर्वी भारत का मुख्यालय बनने वाला है व प्रदेश मेरा प्रिय राज्य भी है। कहा कि सीएम चाहते हैं कि सीएनजी-पीएनजी की बिलिंग का काम सखी मंडल की बहनों को दिया जाये। ऐसे में यह काम सखी मंडल की महिलाओं के साथ मिलकर ही किया जायेगा।
श्री प्रधान ने कहा कि रघुवर सरकार का झारखंड को नंबर वन राज्य बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। अभी तीन हजार घरों तक पीएनजी पहुंचा है और भविष्य में ये तादात बढ़कर पांच लाख होगी। अब प्रदेश के 17 जिलों में पानी की तरह गैस नल में आयेगा। सस्ता गैस आपको मोदी व रघुवर सरकार दे रही है। श्री प्रधान ने कहा कि 500 किमी की पाइप झारखंड-बिहार होते हुए जाएगी। डीजल-पेट्रोल छोड़कर सीनजी में ऑटो चलायेंगे, तो पांच हजार रुपये की बचत होगी। केंद्र सरकार ने एक योजना के तहत चतरा में नया इस्पात कारखाना बनाने का निर्णय लिया है, इसे गैस पाइपलाइन से जोड़ दिया जाएगा।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More