दुर्गा पूजा व श्रीमहावीर मंडल समिति के साथ बैठक
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि पूजा पंडालों में सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए सभी कार्यकर्ता मुस्तैदी से कार्य करें। पंडालों में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल ना हो। सिंगल यूज प्लास्टिक और लोगों को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाएं। सीएम आज रांची जिला दुर्गा पूजा समिति और श्री महावीर मंडल समिति के पदाधिकारियों के साथ झारखंड मंत्रालय में बात कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने समिति के प्रतिनिधिमंडल से कहा कि पंडाल संचालक साफ सफाई की पूरी व्यवस्था देखें। साथ ही, दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल के समीप लगने वाले सभी ठेला खोमचा संचालकों का पंजीयन कराये। पंजीकृत होने से सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। दुर्घटना होने पर दो लाख का मुआवजा, बच्चों को पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप जैसी सुविधा मिलेगी। बैठक में समिति के संयोजक ललित ओझा, संजय जयसवाल, जय सिंह यादव समेत विभिन्न पंडालों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।