धारा 370 के विरोधियों का खाता नहीं खुलने दें: मुख्यमंत्री

रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने दूसरे चरण के जोहार जन आशीर्वाद यात्रा में आक्रामक तेवर में दिख रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा द्वारा धारा 370 व 35ए कोे खत्म करने से विपक्ष तकलीफ में है। आप ऐसे लोगों को खाता नहीं खुलने दें। इन्हें पाकिस्तान जाकर वहां का सांसद, विधायक, मंत्री व प्रधानमंत्री बनना चाहिए। हिंदुस्तान में देश हित में बात करनेवाला ही राज कर सकता है।
पटमदा में आहूत जनसभा में सीएम ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो धारा 370 व 35ए पर पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। इनकी नियत में आरंभ से ही खोट है। दोनो पार्टियां गरीबों की सेवा नहीं बल्कि झारखंड और यहां के गरीबों को लूटने में व्यस्त रहीं हैं। 2014 के बाद जनता के सहयोग से गरीबों की सरकार बनी। ये सरकार गरीबों के प्रति समर्पित सरकार है। तभी तो सरकार की सभी योजनाएं गरीबों को केंद्रित कर बनाई गई हैं, ताकि गरीबों को उसका लाभ मिल सके। कहा कि अलग राज्य के सपने को भाजपा सरकार ने ही साकार किया है।
इससे पूर्व सीएम सहित जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक सह मंत्री सरयू राय ने संयुक्त रूप से मानगो गोल चक्कर स्थित खुदीराम बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा की शुरुआत की। इस बाबत बड़ी संख्या में भाजपाई कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों पटाखों के साथ दोनों का स्वागत किया। पहली बार सीएम व खाद आपूर्ति मंत्री एक मंच पर एकजुटता के साथ दिखे। श्री राय ने इस मौके पर कहा कि चुनाव में समर्थन देने के लिए यह यात्रा निकाली गई है। सीएम ने कहा कि पटमदा में सब्जियां बहुतायत मात्रा में होती है, इसलिए यहां बन रहे कोल्ड स्टोरेज के संचालन हेतु किसान समिति गठित कर अपनी सब्जियों को संरक्षित करें। इन्होंने सरकार की विकास गतिविधियों व योजनाओं से सभी को अवगत कराया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More