रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भारत गणराज्य के जनजन की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर 14 से 20 सितंबर तक ’सेवा सप्ताह’ के रूप में मनाया जा रहा है। सेवा सप्ताह के दौरान एक व्यापक जन जागरूकता अभियान ’स्वच्छता ही सेवा, सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति, जल संरक्षण और संवर्धन’ पर चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से अपील और आग्रह किया है कि वे ’स्वच्छता ही सेवा, सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति, जल संरक्षण और संवर्धन’ के संकल्प को अपने जीवन का हिस्सा बनायें और जन-जन तक पहुंचाएं। इधर, सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक को लेकर प्रधानमंत्री के आह्वान पर कई मंत्रालयों और संगठनों ने इस पर काम करना शुरू कर दिया है। सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव को देखते हुए लोगों और बच्चों को जागरूक करने के लिए सीसीएल मुख्यालय, दरभंगा हाउस की ओर से विभिन्न स्कूलों में यह अभियान को चलाया जा रहा है। बच्चों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी भी दी जा रही है। राज्य के मुख्य सचिव डाॅ डीके तिवारी ने भी इस दिशा में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं।