आंगनबाड़ी सेविका- सहायिकाओं को नियमित मानदेय मिलेगा: मुख्यमंत्री

रिवोल्विंग फंड बनाने का निर्देश
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आंगनबाड़ी सेविका- सहायिकाओं के मानदेय को नियमित करने के लिए एक रिवोल्विंग फंड बनाने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी बहनों को समय पर मानदेय नहीं मिल पाता है। इसके लिए एक रिवोल्विंग फंड रहेगा, ताकि जरूरत पड़ने पर उस फंड के माध्यम से मानदेय का भुगतान किया जा सके। इसके अलावे उन्होंने आंगनबाड़ी कर्मियों की सेवानिवृति उम्र 60 से बढ़कर 62 करने संबंधी आदेश जल्द जारी करने का निर्देश दिया।
सीएम ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका- सहायिकाओं को भारत सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से आच्छादित करने के लिए अगली कैबिनेट में प्रस्ताव लाने का निर्देश दिया। कहा कि दो दिन पहले 3 सितंबर को निर्देश दिया था, कि आंगनबाड़ी सेविका – सहायिकाओं के अतिरिक्त मानदेय के संबंध में निर्णय लेने के लिए विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी के गठन कर निर्णय लिया जाए। इस कमेटी में वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव व विभागीय सचिव भी रहेंगे।
उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं के महिला पर्यवेक्षिका के पद पर प्रोन्नति के संबंध में उम्र की सीमा बढ़ाने का भी निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि इनके हड़ताल की अवधि में मानदेय का नियमानुसार भुगतान जल्द से जल्द किया जाए। कहा कि झारखंड के नौनिहालों के विकास में आंगनबाड़ी का काफी महत्व है। पूरे राज्य में कुपोषण के विरुद्ध अभियान चल रहा है, इसमें आंगनबाड़ी की बहनें सामने आये और झारखंड से कुपोषण को समाप्त करने में सक्रिय योगदान दे। बैठक में विकास आयुक्त सुखदेव सिंह, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव केके खंडेलवाल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल और खाद्य आपूर्ति सचिव अमिताभ कौशल मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More