रांची: झारखंड भाजपा मीडिया प्रबंध समिति के सदस्य अजय राय ने आज सरायकेला जिला के परिसदन में आयोजित प्रेसवार्ता में सरकार की पांच साल की उपलब्धियों को रखा और कहा कि रघुवर राज के पांच साल का कार्यकाल राज्य गठन के बाद काफी उपलब्धियों भरा रहा है जो देश के अन्य राज्यों की तुलना में काफी बेहतर है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंह देव मौजूद थे।
अजय राय ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में जनता ने स्थिर सरकार देकर देश और प्रदेश की राजनीतिक अस्थिरता समाप्त की है। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी राज्य की जनता के प्रति आभार प्रकट करती है। देश से अब परिवारवाद, तुष्टीकरण व क्षेत्रियता की राजनीति समाप्त हो रही है, वहीं झारखंड राज्य में डबल इंजन की सरकार ने राष्ट्रवाद और विकास को स्थापित किया है।
बेदाग और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार प्रदेश के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है । राय ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में स्थिर सरकार देकर जनता ने देश और प्रदेश की राजनीतिक अस्थिरता का वातावरण समाप्त किया है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जी के साहसिक कदम ने धारा 370 को समाप्त कर देश के अंदर एक संविधान एक झंडा एक एक प्रधान का स्वर्णिम इतिहास लिखने का काम किया है। उन्होंने इस दौरान सरकार की उपलब्यिों को गिनाया।