भाजपा के लिये सीटिंग सीट बचाने की चुनौती

-चतरा, लोहरदगा व पलामू में 29 को वोट
रांची। देश के चौथे चरण के तहत 29 अप्रैल को होनेवाले मतदान पर काउंटडाउन शुरु हो चुका है। 27 अप्रैल को दोपहर तीन बजे यहां प्रचार भोंपू बंद हो जायेगा। प्रत्याशी इसके बाद घर-घर जाकर वोट मांगेंगे। लोहरदगा से भाजपा के सुदर्शन हैट्रिक के जुगत लगा रहे हैं तो चतरा से सुनील सिंह व पलामू से बीडी राम को दोबारा सीट बचाने की चुनौती सामने है। तीनों ही लोस में भाजपाईयों का सीधा मुकाबला कांग्रेस से होगा।
गौरतलब हो कि चतरा, लोहरदगा और पलामू लोकसभा सीट में विपक्षी दलों के महागठबंधन के पास खोने को कुछ नहीं है, लेकिन भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर है। भाजपा के बागी नेता व लातेहार के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र साव का निर्दलीय चुनाव लड़ना भी सुनील सिंह के लिए चतरा में परेशानियों का सबब बना हुआ है। जबकि पलामू के सांसद बीडी राम को क्षेत्र के दो पार्टी विधायकों व अन्य नेताओं का अंदरूनी विरोध झेलना पड़ रहा है। विपक्षी महागठबंधन में भी प्रतिघात का शिकार है व चतरा में कांग्रेस और राजद के बीच दोस्ताना संघर्ष हो रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी मनोज यादव और राजद के सुभाष यादव जमकर एक दूसरे के विरोध में जहर उगल रहे है। लोहरदगा में कांग्रेस ने विधायक सुखदेव भगत को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन टिकट कटने से पूर्व सांसद रामेश्वर उरांव व पूर्व आईपीएस अरूण उरांव समर्थकों में नाराजगी है। पलामू में राजद और महागठबंधन के प्रत्याशी घूरन राम को उम्मीदवार बनाये जाने का पार्टी के अंदर ही विरोध हो रहा है। राजद के वरिष्ठ नेता मनोज भुईंया उनका विरोध कर रहे है, वहीं राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह भी पार्टी छोड़ कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। इन सीटों पर कुल 59 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तीन दिन बाद इन प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में लाॅक हो जायेगी। भाजपा, कांग्रेस, राजद, सीपीआई, टीएमसी, एवं बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल है। निर्वाचन आयोग के अनुसार इन तीनों सीटों पर कुल 45,26,693 मतदाता हैं। जिसमें 23,85,932 पुरुष एवं 21,40,750 महिलाएं हैं। इनमे 18-19 उम्र-वर्ग के कुल 76,835 मतदाता इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
गौरतलब है कि लोहरदगा एवं पलामू दोनों आरक्षित सीटें हैं। राज्य में लोकसभा चुनावों के लिए कुल 29,464 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 28, 345 मतदान केंद्रों में रैंप, 28, 970 मतदान केंद्रों पर पेयजल, 28980 मतदान केंद्रों में शौचालय, 24826 मतदान केंद्रों में बिजली और 27641 मतदान केंद्रों में शेड की व्यवस्था भी की गई है। निर्वाचन आयोग ने झारखंड में मतदान के दिन सभी केंद्रों में न्यूनतम मूलभूत सुविधाएं पेयजल, फर्नीचर, मेडिकल किट, बिजली, शौचालय, शेड, हेल्प डेस्क, साइनेज इत्यादि, उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, व्हील चेयर, परिवहन सुविधा के साथ उन्हें मदद करने के लिए वोलेंटियर्स की भी मौजूदगी मतदान केंद्रों पर सुनिश्चित की जाएगी। वहीं संवेदनशील केन्द्रों से मतदान के दिन वेब कास्टिंग की भी तैयारी है। प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों एवं मीडिया के लिए विभिन्न क्षेत्रों मे कार्यशालाओं का भी आयोजन किया गया है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More