-जेएमएम का घोषणा पत्र जारी, जनता से 5 वादा
स्टेट ब्यूरो: लोकसभा चुनाव के लिए जेएमएम ने शनिवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पांच खंडों में यह पत्र जल-जंगल-जमीन, रोजगार सृजन, शिक्षा व स्वास्थ्य, मध्यम वर्ग महंगाई व गरीबी के अलावे सामाजिक न्याय व मानवाधिकार की बात करता है। घोषणा पत्र जारी करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा ‘झूठों’ की जमात व ‘शिशुपालों’ की टोली है। कहा कि ‘पूंजीपतियों’ के लिये ये साक्षात मसीहा व आदिवासियों, दलितों, अल्पसंख्यकों सहित किसानों की कट्टर दुश्मन है।
जेएमएम ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए जारी इस निश्चय पत्र में ‘उठो, लड़ो, बदलो’ में केंद्र व राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी को ऐसे ही परिभाषित किया है। इस विशेष मौके पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अलावे जेेएमएम महिला मोर्चा की अध्यक्ष महुआ माजी, बुद्धिजीवी मोर्चा के अध्यक्ष डॉ जावेद, पार्टी महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य व विनोद पांडेय मौजूद थे। पार्टी ने इसका नाम निश्चय पत्र रखा है, जिसमें जनता से पांच निश्चय किये गये हैं। कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि अगर यही परिस्थिति रही, तो विधानसभा चुनाव में भी पार्टी का यही एजेंडा रहेगा।
ये हैं निश्चय
1 . जल, जंगल और जमीन की रक्षा, खरकई और मंडल डैम की समीक्षा, वनाधिकार। इसमें कहा गया है कि केंद्र में महागठबंधन की सरकार बनी, तो भूमि अधिग्रहण संशोधन कानून 2018 (झारखंड) एवं भूमि बैंक की नीति को रद्द कराया जायेगा। ईचा-खरकई तथा मंडल डैम जैसे झारखंड विरोधी सिंचाई परियोजनाओं की पुन: समीक्षा करायी जायेगी। वनाधिकार कानून में हुए बदलावों को निरस्त किया जायेगा। वन भूमि को गैर वन उपयोग हेतु ग्राम सभा के पूर्व लिखित अनुमति के प्रावधान को फिर से शामिल कराया जायेगा। इसके आखिरी पैरा में विस्थापन विस्थापितों की सहायता हेतु सशक्त पुनर्वासन आयोग का गठन करने की मांग की गई है।
चुनाव भाजपा लड़ रही या सेना: हेमंत
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने सवाल किया है कि मौजूदा लोस चुनाव कौन लड़ रहा है। भाजपा या फिर सेना ? कहा कि रोटी व रोजगार के मुद्दे नदारत है और चुनाव में केवल राष्ट्रवाद व देशभक्ति के नाम पर भाजपा चुनाव लड़ रही है। सोरेन ने कहा कि बीजेपी राष्ट्रवाद की व्यापारी व विरोधी पार्टी है।