भाजपा ने शिबू सोरेन को दी राजनीति से संन्यास लेने की सलाह

दुमका : झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष और दुमका के सांसद शिबू सोरेन पर अपने संसदीय क्षेत्र की जनता के साथ न्याय नहीं करने का आरोप लगाते हुए उन्हें राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी है।
श्री वर्मा ने परिसदन में संवाददाताओं के साथ बातचीत कहा कि दुमका की जनता झामुमो अध्यक्ष को लम्बे समय से अपना समर्थन देती रही है। इसके बावजूद उन्होंने इस क्षेत्र की जनता के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि ऐसे में श्री सोरेन को राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि झामुमो सुप्रीमो ने इस क्षेत्र का सांसद होने के नाते ईमानदारीपूर्वक अपने दायित्यों का निर्वहन नहीं किया। ऐसे में उन्हें अपनी अन्तःकरण की आवाज सुनकर राजनीति से सन्यास ले लेना चाहिए। उन्होंने श्री सोरेन द्वारा हाल में दुमका से पुनः चुनाव लड़ने से संबधित दिये गये बयान की निंदा करते हुए कहा कि उनका यह बयान उनकी राजशाही मानसिकता को दर्शाता है।


