बड़ा तालाब किनारे मिलेगा लिट्टी- चोखा, चाऊमीन, चाट, बनेगी चौपाटी

सांसद ने निरीक्षण कर अधिकारियों को दिया निर्देश
रांची: जल्द ही शहर के बीचोबीच स्थित बड़ा तालाब का नजारा बदला दिखेगा। इसे पर्यटन स्थल के साथ- साथ व्यवसायिक केंद्र के रुप में भी तब्दील करने की कवायद का आगाज कर दिया गया है। गुरुवार को नवनिर्वाचित सांसद संजय सेठ ने पूरे प्रशासनिक महकमे के साथ यहां निरीक्षण करने पंहुचे। उन्होंने सप्ताह के दो दिन शनिवार व रविवार को यहां चौपाटी बनाने के निर्देश दिये हैं। सेठ के निर्देश के बाद नगर निगम ने बाजार लगाने की कवायद शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि इस रात्रि बाजार से लोग रात 8 से 12 बजे तक जरूरत की सामग्री खरीद सकेंगे। इसके अलावे फुटपाथ पर लजीज व्यजंनों यथा चाय, समोसा, चाट, कुल्फी, इडली, डोसा, चाइनीस फूड, लिट्टी चोखा सहित अन्य व्यंजन के स्टॉल में आनंद उठा सकेंगे। बड़ा तालाब के किनारे सजने वाले रात्रि बाजार में हैंडीक्राफ्ट, महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए गए उत्पाद सहित फुटपाथ दुकानदारों को जगह मिलेगी। यहां मौजूद रोटरी पार्क से लेकर सेवा सदन हॉस्पिटल तक फुटपाथ पर एक किनारे दुकानें सजेंगी। इस दौरान पूरे क्षेत्र में गाड़ियों का परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। गौरतलब है कि यहां पर बड़ा तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य चल रहा है, लेकिन इस नाम पर इसे छोटा भी किया जा रहा है। ऐसे में फुटपाथ पर बाजार लगाकर एक ओर शहर को जिंदा करने का प्रयास होगा, क्योंकि अभी के समय में रात्रि 9 बजे के बाद शहर सुनसान हो जाता है।
[URIS id=9499]

