रांची: भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस झूठे वादे कर जनता को गुमराह करने वाली पार्टी है। वह ऐसा सिर्फ वोट लेने के लिए करती है। सुबोधकांत सहाय युवाओं को मार्च तक 20 लाख नौकरी देने का वादा कर रहे हैं। इस तरह के लॉलीपॉप से वे युवाओं को भ्रमित करना चाहते हैं, लेकिन पहले तो उन्हें यह बताना चाहिए कि यूपीए ने 2004 से 2014 तक कितनी नौकरियां दी। यदि यूपीए की सरकार ने नौकरियां दी हीं होती, तो पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ नहीं होता। इंदिरा गांधी भी 1971 में गरीबी हटाओ का नारा देकर सत्ता में आयी थीं,लेकिन उनका यह नारा खोखला साबित हुआ।
कांग्रेस के शासन काल में गरीबी घटने के बजाय बढ़ती गई। उसी तरह मार्च तक 20 लाख नौकरियां देने का शिगूफा छोड़ कर सुबोध वोट लेना चाहते हैं, लेकिन लोग सब समझ रहे हैं। झारखंड की जनता पहले हीं कमल खिलाने का मन बना चुकी है ताकि नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाया जा सके। देश की जनता की उम्मीदों पर पर मोदी पिछले 55 माह में खरे उतरे हैं और आगे भी खरे उतरेंगे। कांग्रेस के तरह-तरह के झांसे में झारखंड की जनता आने वाली नहीं है।