कोडरमा: जयनगर प्रखंड से भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश यादव ने बरकट्ठा विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी ठोंकते हुए दावा किया है कि उन्होंने पूरे समर्पण भाव से 28 वर्ष तक पार्टी की सेवा की है। रविवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए श्री यादव ने कहा कि 1992 से लेकर आज तक मैंने भाजपा के पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक काम किया है।
श्री यादव ने कहा कि वे 2004 में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे व 2012 में कोडरमा जिला के अध्यक्ष के रुप में काम किया। कहा कि 2015 में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति व 2018 में बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र का संयोजक बना। इस दौरान मैंने पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ पार्टी व संगठन के लिए काम किया। कोडरमा लोकसभा चुनाव में बरकट्ठा विस से पार्टी प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी को भारी मत मिले व वे सांसद बनी। जनता के लिए समर्पित भाव से काम किया है। बताया कि 2008 में बांझेडीह के टीपीएएस में मुआवजा को लेकर विस्थापित संघर्ष मोर्चा का गठन करके विस्थापित संघर्ष मोर्चा के बैनर तले 32 गांवों के लिए संघर्ष कर मुआवजा दिलाया।
गैरमजरूया जमीन का मुआवजा झारखंड में नहीं दिया जा रहा था, लेकिन 32 गांवों के संघर्ष के बल पर गैरमजरूया जमीन का मुआवजा दिलाया गया। बेरोजगार युवकों को कोडरमा थर्मल पावर प्लांट में काम पर रखवाया गया। ऐसे में जनता व भाजपा के बीच मैंने सेतु का काम किया है। इसलिए यहां से पार्टी मुझे उम्मीदवार बनाए। श्री यादव ने कहा कि मैंने अपनी भावना से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास को मिलकर अवगत करा दिया है। उन्हें लिखित आवेदन भी दिया है। मौके पर प्रदेश महिला मोर्चा कार्यसमिति सदस्य मीना साव, ललित शर्मा, मितलाल साव, दामोदर यादव, बीरेंद्र यादव, अर्जुन यादव, राजु पंडित, रंजित यादव, महेश यादव, सुरेश कुमार, मनोज यादव, जितेन्द्र यादव, राजकुमार यादव, नरेश यादव सहित कई लोग मौजूद थे।