सिस्टम ने मारा निशा भगत को

निशा भगत (फाइल फोटो)

रांचीः झारखंड की एक बहादुर, निर्भीक और निडर बेटी निशा भगत को सरकारी सिस्टम ने मार डाला। सिस्टम को जब कोई चुनौती देता है, तो सिस्टम उसे बर्दाश्त नहीं करता। उसको दबाने की हर कोशिश की जाती है, चाहे सरकार किसी की हो। सब सिस्टम का हिस्सा हैं। सिस्टम से लड़ना सबके बूते की बात नहीं है।

निशा भगत सिस्टम से गुहार लगाती रही, लेकिन सिस्टम पर कोई असर नहीं पड़ा। हर तरफ निराशा और हताशा के बादल जब छा गए, तो निशा टूट गई और उसने खौफनाक कदम उठा लिया। आत्महत्या।

निशा भगत जैसी बहादुर लड़की भी आत्महत्या कर सकती है, यह किसी को यकीन नहीं होता है, लेकिन अब यकीन करना पड़ेगा।

सरकारी सिस्टम आम आदमी के साथ नहीं चलता और न उसके लिए खड़ा होता है। वह दलाल, माफिया, गुंडा-अपराधी, पूंजीपति और सत्ता के साथ चलता है। आप इनको चुनौती नहीं दे सकते हैं। सिस्टम ऐसा है कि एक थानेदार पर भी इसका असर नहीं होता, क्योंकि वह सिस्टम के संरक्षण में चलता है। इस सिस्टम को हर काम के लिए पैसा चाहिए। बिना पैसा कुछ नहीं होता।

रांची में जमीन दलाल और माफिया का ऐसा मजबूत नेटवर्क है कि इसको अब कोई तोड़ नहीं सकता। जो तोड़ने का दावा करता है, वह भी मैनेज हो जाता है और इसी के साथ चलता है। जमीन चाहे जिसकी लूटी जाए, आदिवासी की हो या गैर-आदिवासी की, कहीं कोई सुनने वाला नहीं। निशा भगत आखिरकार लड़ते-लड़ते टूट गई और उसे आत्महत्या करनी पड़ी।

निशा भगत आत्महत्या मामले में पिठोरिया और कांके के थानेदार से पूछा जाना चाहिए कि उसकी शिकायत के बाद कार्रवाई क्यों नहीं हुई? किसके दबाव में थानेदार काम कर रहे थे? दलालों, जमीन माफिया और गुंडों को कौन संरक्षण देता है? निशा ने किसके खिलाफ शिकायत की थी? कौन उसे प्रताड़ित कर रहा था? थानेदार को तो पता होगा।

पिठोरिया के थानेदार पर गंभीर आरोप लगा है।

निशा भगत आत्महत्या मामले की गहन छानबीन और जांच की जरूरत है। निशा की आत्महत्या की घटना ने सबको झकझोर दिया है। सभी झारखंडियों को निशा भगत के मामले में एकजुट होकर न्याय के लिए लड़ना चाहिए। यदि हम सो गए, तो यह सिस्टम न जाने कितनी निशा भगत की जान ले लेगा। हमारी-आपकी भी बारी हो सकती है।

लेखक के बारे में

By Sunil Singh

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More