स्वांग वासरी में हाईवा की चपेट में आकर मजदूर की मौत, ग्रामीणों का विरोध

बोकारो : गोमिया के स्वांग वासरी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एक दिहाड़ी मजदूर की बैंकर के पास हाईवा (डंपर) के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय नागेन्द्र साहनी के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि नागेन्द्र साहनी मूल रूप से वैशाली के रहने वाले थे और वर्तमान में वन-बी शिव मंदिर के समीप निवास कर रहे थे। वे ठेला लगाकर पकौड़ी-समोसा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
परिवार में पत्नी समेत तीन बेटियां हैं। इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि तीसरी बेटी की शादी आगामी मई माह में तय थी। इस असामयिक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोश जताया। बाद में आपसी समझौते के तहत गाड़ी मालिक द्वारा 1 लाख 50 हजार रुपये तथा प्रबंधन की ओर से 50 हजार रुपये देने की सहमति बनी, जिसके बाद शव उठाया गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोग मृतक के परिजनों को उचित सहायता देने की मांग कर रहे हैं। बता दें कि परिजन शव को पैतृक गांव ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।




