गजराज बने यमराज, बच्ची समेत महिला को कुचकर मार डाला

– दर्जनों घरों को तहस-नहस किया, भागकर लोगों ने बचाई जान
सरिया (गिरिडीह): बगोदर थाना अंतर्गत देवराडीह पंचायत के कोसी-केंझिया गांव सहित सरिया क्षेत्र में चार जंगली हाथियों के झुंड ने मंगलवार तड़के सुबह करीब तीन बजे 10 वर्षीय बच्ची समेत एक महिला को कुचलकर जान से मार डाला। इस घटना की सूचना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे को लेकर जमकर हंगामा किया गया, लिहाजा मौके पर पहुँच वन विभाग की टीम ने इनके परिजनो को तत्काल 50-50 रुपए मुआवजा दिया। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय तुलिया देवी व 10 साल की अमैथी कुमारी के तौर पर हुई है। हाथियों ने हमले के बाबत गांव के कई मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया व कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
ये पूरी घटना सरिया वन परिक्षेत्र कार्यालय से महज 2 से 3 किलोमीटर के क्षेत्र में घटित हुई है। जानकारी के अनुसार दो बड़े व दो छोटे हाथियों का दल चंद्रमारनी जंगल से होते हुए रात के 12 बजे रामडीह गांव पंहुचा। यहां पर छह घरों को इन्होंने तोड़ दिया। सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे। हाथियों द्वारा कई पक्के व खपरैल मकान की खिड़कियों व दरवाजे पर हमला करते हुए उसे तोड़ डाला। वहां रखे अनाज खा गए। यहां सो रही दो बच्चियों को किसी प्रकार बचाया गया। सरिया वन विभाग को हाथियों के गांव में प्रवेश करने की सूचना रात 12 बजे ही दी गई, लेकिन किसी ने कोई सुध नही ली। इसके बाद ग्रामीणों से मसाल व पटाखे जलाकर खुद ही आत्मरक्षा की। यहां से हाथियों का झुंड बगोदर प्रखंड अंतर्गत देवराडीह पंचायत के कौंजिया गांव करीबन 2 बजे पहुंचकर घर तोड़ने लगा। अपना आशियाना टूटता देख मुंशी मांझी की 50 वर्षीय पत्नी तुलिया देवी हाथ में टॉर्च लेकर अपने परिवार के साथ घर से निकल कर भागने लगी। उसने परिवार के लोगोें की जान तो बचा ली, लेकिन हाथियों ने उसे दौड़ाकर कुचलकर जान ले ली। दर्जनों घरों में तोड़फोड़ करने के बाद ये 500 फीट की दूरी पर रात साढ़े तीन बजे टोला पहुंचे। यहां त्रिपाल की बनी झोपड़ी में सो रहे एक खानाबदोश परिवार की अमेथी कुमारी 10 वर्ष को कुचलकर मार डाला। हाथियों के लगातार किये जा रहे हमलों से घबराकर एक दर्जन परिवार से खेत की तरफ भागकर अपनी जान बचाई।

[URIS id=9499]

 

मंगलवार की सुबह घटना की सूचना पाकर पहुंचे बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि सूचना के बावजूद वन विभाग के अधिकारी यहां नहीं पहुंचे, जो लापरवाही है। गांव में 100 खानाबदोशों को सरकार की योजना के बावजूद आवास मुहैया नहीं कराया गया है, जो विगत 10 से 15 सालों से यहां रह रहे हैं। लगातार क्षेत्र में हाथियों द्वारा किये जा रहे हमले के बावजूद इससे निपटने के उपाय नहीं किये जा रहे हैं। घटना के बाद पहुंचे सरिया वन विभाग के रेंजर अभय कुमार सिन्हा ने 50-50 हजार का मुआवजा देने के बाद कहा कि इस बाबत चार लाख का प्रावधान है। घटना से नुकसान का मूल्याकंन कर वे जल्द ही बची हुई राशि को देने के लिए प्रक्रिया पूरी कर लेंगे। वन विभाग की टीम को स्थानीय ग्रामीणों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा। मृतक बच्ची के पिता धर्मेंद्र माल पहाड़ी ने बताया कि स्थाई मकान, पेयजल की सुविधा,चापाकल व राशन कार्ड सहित सरकारी सेवाओं के लाभ हेतु कई बार आवेदन देने के बावजूद किसी अधिकारी या विधायक ने इसपर ध्यान नहीं दिया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More