इस्कॉन देवघर में नेत्रोत्सव संपन्न, आज भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकलेगी

देवघर: इस्कॉन देवघर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रथ यात्रा से पूर्व आयोजित होने वाले पारंपरिक नेत्रोत्सव का आयोजन बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा के दिव्य दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार स्नान पूर्णिमा के बाद भगवान जगन्नाथ 14 दिनों तक अस्वस्थ रहते हैं। इस अवधि के बाद 15वें दिन नेत्रोत्सव के अवसर पर भगवान को नए नेत्र प्रदान किए जाते हैं। इसके पश्चात चंदन, सिंदूर और पुष्पों से उनका विशेष श्रृंगार किया जाता है तथा पहली बार भक्तों को दर्शन दिए जाते हैं। इस्कॉन देवघर में भी इस परंपरा का विधिवत निर्वहन किया गया।
इस्कॉन देवघर के प्रमुख श्रीनिवास गोपाल दास ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा गुरुवार को शाम 3 बजे झोसागढ़ी स्थित गौशाला (यूनिट-1) मैदान से प्रारंभ होगी। इस वर्ष रथ यात्रा में कई नई व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाएं मिलेंगी। भगवान रथ पर सवार होकर पूरे नगर का भ्रमण करेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे।
उन्होंने बताया कि गौशाला मैदान में सुबह 10 बजे से ही श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण शुरू हो जाएगा। रथ पर विराजमान होने से पूर्व भगवान का पहांडी विजय अनुष्ठान तथा विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
रथ यात्रा गौशाला मैदान से प्रारंभ होकर मंदिर मोड़, पानी टंकी, फबरा चौक, बजरंगी चौक, राय कंपनी चौक, टावर चौक, वीआईपी चौक, सत्संग नगर चौक, बेला बगान, डढ़वा नदी और चांदपुर होते हुए जसीडीह के रोहिणी मोड़ स्थित दामोदर ग्राम इस्कॉन मंदिर परिसर पहुंचेगी। यहां महाआरती, संकीर्तन और महाप्रसाद वितरण के साथ रथ यात्रा का समापन होगा।




