महाशिवरात्रि पर पहाड़ी मंदिर से निकलेगी भव्य शिव बारात, तैयारियां तेज

रांची : महाशिवरात्रि के अवसर पर निकलने वाली भव्य शिव बारात की तैयारियों को लेकर श्री शिव बारात आयोजन केंद्रीय महासमिति, पहाड़ी मंदिर मुख्य द्वार की एक अहम बैठक मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्थापक नंद किशोर सिंह चंदेल ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रांची शहर की सबसे पहली और भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। बारात को और आकर्षक बनाने के लिए झांकियों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। कानपुर से विशेष झांकियां मंगाई जाएंगी, वहीं झारखंड के कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
बारात पहाड़ी मंदिर मुख्य द्वार से निकलकर हरमू शनि मंदिर, काट सराय रोड, बकरी बाजार, कोतवाली थाना, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, गांधी चौक, महावीर चौक, प्यादा टोली, न्यू मार्केट, रातू रोड चौक होते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह समारोह संपन्न होगा।
इसके अलावा 8 फरवरी को महाकाल मंदिर परिसर में पहाड़ी बाबा के मेहंदी-हल्दी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में वर्ष 2026 के लिए केंद्रीय महासमिति के अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से घोषणा की गई तथा सभी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।




