जारंगडीह दामोदर नदी छठ घाट परिसर में भव्य सूर्य मंदिर का भूमि पूजन, मुख्य पुजारी ने वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न कराई पूजा

बोकारो: जारंगडीह दामोदर नदी स्थित छठ घाट परिसर में आज शिव शक्ति क्लब, 16 नंबर के तत्वावधान में प्रस्तावित सूर्य मंदिर निर्माण हेतु विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भूमि पूजन का अनुष्ठान शिव मंदिर, 16 नंबर के मुख्य पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया।
गौरतलब है कि जारंगडीह छठ घाट में पिछले चार दशकों से लगातार आस्था के महापर्व छठ पूजा का भव्य आयोजन किया जाता रहा है। प्रारंभिक वर्षों में स्थानीय 16 नंबर क्षेत्र के लोगों द्वारा तथा बाद में शिव शक्ति क्लब के नेतृत्व में व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाती रही है। छठ महापर्व के दौरान यह घाट क्षेत्र श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहता है।
कई वर्षों से श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों की मांग पर सूर्य मंदिर निर्माण का विचार चल रहा था। आज भूमि पूजन के साथ इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का शुभारंभ होने से क्षेत्र के श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों एवं शिव शक्ति क्लब के सदस्यों में उत्साह और हर्ष का माहौल है।
मौके पर उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि सूर्य मंदिर के निर्माण से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए एक स्थायी एवं पवित्र स्थल उपलब्ध होगा तथा क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी।




