जैक की लापरवाही पर भड़के धर्मेंद्र तिवारी, छात्रों के भविष्य को बताया खतरे में
-1024x614.jpeg)
रांची : जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र तिवारी ने जैक द्वारा आयोजित आठवीं बोर्ड परीक्षा 2026 के आंतरिक मूल्यांकन अंक अपलोड करने की प्रक्रिया में हुई अव्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रधानों के साथ अन्याय बताया है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों को आंतरिक मूल्यांकन अंक अपलोड करने के लिए पुनः एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए।
धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि राज्य के विद्यालय प्रधानों और शिक्षकों पर विभाग द्वारा पहले से ही सैकड़ों प्रकार के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कार्यों का बोझ डाला गया है। ऐसी स्थिति में वे कई प्रशासनिक जिम्मेदारियों में उलझे रहते हैं, जिसके कारण कुछ आवश्यक कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाता। इसे केवल विद्यालय स्तर की चूक मान लेना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि समय से पहले जैक की साइट बंद हो जाना विभागीय लापरवाही का स्पष्ट प्रमाण है। विभाग और जैक की कमजोरी का खामियाजा शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं पर थोपना पूरी तरह अनुचित और अन्यायपूर्ण है। अपनी प्रशासनिक विफलता को छिपाने के लिए निचले स्तर के कर्मियों पर कार्रवाई या दबाव बनाना किसी भी दृष्टि से न्यायसंगत नहीं कहा जा सकता।
तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों ने पूरे वर्ष कठिन परिश्रम के साथ पढ़ाई की है। यदि आंतरिक मूल्यांकन अंक अपलोड नहीं होने के कारण उनका परिणाम प्रभावित होता है, तो यह उनके भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ होगा।
उन्होंने झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग एवं जैक से मांग की कि इस मामले में संवेदनशील और व्यावहारिक निर्णय लेते हुए आंतरिक मूल्यांकन अंक अपलोड करने के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय अविलंब दिया जाए, ताकि किसी भी विद्यार्थी का भविष्य प्रभावित न हो।




