ईंट भट्ठे में काम करने वाले बच्चों को लेकर अंतर-राज्य कार्यशाला का आयोजन

रांची: राजधानी में मंगलवार को एक होटल में ईंट भट्ठे में काम कर रहे बच्चों को लेकर अंतर-राज्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन सेव द चिल्ड्रेन नामक संस्था ने करवाया।
इस कार्यशाला में बताया गया कि झारखंड, बिहार और उड़ीसा के कई परिवार अपने बच्चों के साथ मौसमी रूप से ईंट भट्टों पर काम की तलाश में पश्चिम बंगाल जाते हैं। जो बच्चे अपने परिवारों के साथ पलायन करते हैं वे स्कूलों तक सीमित पहुंच के साथ ही खतरनाक परिस्थितियों में लंबे समय तक लगे रहते हैं। अक्सर स्कूलों को भाषा और पाठ्यक्रम में अंतर, हिंदी भाषी शिक्षकों की कमी और स्कूलों में हिंदी पाठ्य पुस्तकों की अनुपलब्धता के कारण इन बच्चों को समायोजित करने के लिए भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
इसी सन्दर्भ में सेव द चिल्ड्रेन संस्था ने कार्यशाला के दौरान अंतर-राज्य अभिसरण बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में एनसीपीसीआर चेयरपर्सन प्रियांक कानूनगो, स्थानीय संगठनों, पश्चिम बंगाल और झारखंड के अन्य प्रमुख हितधारकों सहित सम्बंधित सरकारी विभागों के साथ इस कदम पर बच्चों के लिए शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में चर्चा की गयी।




