Skoda Peaq Electric SUV: 647KM रेंज, 10 एयरबैग और लग्जरी फीचर्स; Kia EV9 को देगी टक्कर

Skoda Peaq Price Features: स्कोडा ने ग्लोबल मार्केट में अपनी नई फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक एसयूवी स्कोडा पीक से पर्दा उठाया है। यह एक आलीशान और बड़ी एसयूवी है जो मर्सिडीज, वोल्वो EX90 और किआ EV9 जैसी महंगी गाड़ियों को चुनौती देगी। कंपनी इसे भारतीय बाजार में भी लाने पर विचार कर रही है। एक चार्ज पर यह 647 किलोमीटर तक का सफर कर सकती है। आइए इसकी कीमत, रेंज, डिजाइन और फीचर्स के बारे में विस्तार से जानते हैं।

तीन वेरिएंट और ड्राइविंग रेंज
अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह तीन वेरिएंट में आएगी। बेस मॉडल Peaq 60 में 63kWh बैटरी और 204 hp पावर मिलती है जो एक चार्ज में 459 किलोमीटर की रेंज देती है। Peaq 90 में बड़ी 91kWh बैटरी और 286 hp पावर है जिसकी रेंज सबसे ज्यादा 647 किलोमीटर है। टॉप मॉडल Peaq 90x में भी 91kWh बैटरी है, यह AWD है और इसमें दो मोटर लगी हैं जो 299 hp पावर देती हैं। इसकी रेंज 613 किलोमीटर है और यह सिर्फ 6.7 सेकंड में 0 से 100 kph की रफ्तार पकड़ लेती है। DC फास्ट चार्जर से इसकी बैटरी महज 27 से 28 मिनट में 10% से 80% तक चार्ज हो जाती है।
साइज और डिजाइन

यह कार करीब 4.9 मीटर लंबी है और तीन रो में 7 लोग आराम से बैठ सकते हैं। फ्रंट पर पारंपरिक ग्रिल की जगह काली टेक डेक प्लेट दी गई है साथ ही T शेप मैट्रिक्स LED हेडलाइट्स और आइब्रो शेप DRLs हैं। साइड में 19 से 21 इंच के अलॉय व्हील्स और फ्लश डोर हैंडल्स दिए गए हैं। तीसरी सीट मोड़ने पर 935 लीटर का बूट स्पेस मिलता है जो स्कोडा की किसी भी कार में अब तक का सबसे बड़ा है।
केबिन और रिलैक्स पैकेज

कार का केबिन किसी लग्जरी लिविंग रूम जैसा आरामदायक और हाई-टेक है। डैशबोर्ड पर 13.6 इंच का टचस्क्रीन और ड्राइवर के लिए 10 इंच का डिजिटल मीटर दिया गया है। साथ ही 16 स्पीकर वाला प्रीमियम सोनोस साउंड सिस्टम भी है। यह स्कोडा की पहली कार है जिसे स्मार्टफोन या स्मार्टवॉच से लॉक-अनलॉक किया जा सकता है। इसमें बाय-डायरेक्शनल चार्जिंग भी है यानी कार की बैटरी से घर की बिजली या अन्य डिवाइस चला सकते हैं। अलग से रिलैक्स पैकेज लेने पर मसाज सीटें, पावर लेग रेस्ट, तकिये और फोल्डेबल टेबल मिलती है।
सुरक्षा का पूरा ध्यान

स्कोडा ने इस कार में सुरक्षा का भी पूरा खयाल रखा है। हर वेरिएंट में 10 एयरबैग्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं। इसके अलावा 360 डिग्री कैमरा और ADAS सिस्टम भी मिलता है। वाइपर्स के अंदर ही वॉशर फिट किए गए हैं।
भारत में कब होगी लॉन्च और क्या होगी कीमत?
2027 में यह कार भारत में आ सकती है। शुरुआत में स्कोडा इसे विदेश से बनी हुई CBU यूनिट के रूप में इम्पोर्ट कर सकती है। यूके में इसकी शुरुआती कीमत 51,980 पाउंड यानी करीब 65 लाख रुपये है। भारत में टैक्स और कस्टम ड्यूटी के बाद कीमत और बढ़ेगी लेकिन फिर भी किआ EV9 जो 1.30 करोड़ में आती है उसकी तुलना में यह काफी किफायती विकल्प साबित हो सकती है।


