यही भेजता था बम धमकी वाला मैसेज: देशभर में स्कूल और अदालत को बनाया था निशाना, गिरफ्तार

नई दिल्ली/मैसूर: देशभर में स्कूलों, अदालतों और सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक के मैसूरु से 47 वर्षीय आरोपी श्रीनिवास लुईस को हिरासत में लिया है, जो पिछले कुछ महीनों से लगातार फर्जी बम धमकी वाले ईमेल भेज रहा था।
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी ने करीब 1100 से ज्यादा धमकी भरे ईमेल और कॉल भेजे थे। इन धमकियों का निशाना दिल्ली हाईकोर्ट, स्कूल, अस्पताल और कई सरकारी कार्यालय रहे। हर बार इन ईमेल्स के बाद सुरक्षा एजेंसियों को बड़े पैमाने पर जांच करनी पड़ती थी, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बनता था और प्रशासन का समय व संसाधन बर्बाद होता था।
जांच एजेंसियों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से तकनीकी तरीकों (VPN) का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपा रहा था। पुलिस ने तकनीकी जांच और डिजिटल सुरागों को जोड़ते हुए आखिरकार आरोपी का पता लगाया और उसे कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया। अब उसे दिल्ली लाकर पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी संख्या में धमकियां देने के पीछे उसकी असली मंशा क्या थी और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने देशभर में कई जगहों पर ईमेल और अन्य माध्यमों से धमकी संदेश भेजे थे। इस मामले में अलग-अलग राज्यों में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं और पुलिस अब पूरे नेटवर्क और तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से लंबे समय से जारी बम धमकी की घटनाओं पर बड़ा ब्रेक लगा है और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा। हालांकि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े कई और खुलासे हो सकते हैं।


